जिला स्तरीय युवा उत्सव का हुआ आयोजन, युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन मंगलवार को एकलव्य आवासीय विद्यालय मैहर के ऑडिटोरियम हॉल में किया गया।
(मैहर) खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन मंगलवार को एकलव्य आवासीय विद्यालय मैहर के ऑडिटोरियम हॉल में किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री श्रीकांत चतुर्वेदी एवं कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी के मार्गदर्शन में युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया गया। युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में सहभागिता की।
प्रतियोगिता के अंतर्गत समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, पेंटिंग, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक जैसी विधाओं को शामिल किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी कला, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिला। समूह लोक नृत्य एवं समूह लोकगीत में प्रतिभागियों ने सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। वहीं पेंटिंग एवं कविता लेखन के जरिए युवाओं ने अपनी कल्पनाशीलता और विचारों को अभिव्यक्त किया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक विषयों पर संदेश देने का अवसर मिला। जिला स्तरीय युवा उत्सव का उद्देश्य युवाओं में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना एवं नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया गया। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी आगामी संभाग एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में मैहर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
