कलेक्टर ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ मनाई दीपावली, बांटी खुशियां
वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात कर जाना हालचाल, मिठाई वितरित कर दीं शुभकामनाएं
(सीधी) दीपावली के पावन पर्व पर खुशियां साझा करने और बुजुर्गों के बीच अपनत्व का भाव मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा स्थानीय कैलाश स्वर्ण वृद्धाश्रम, पनवार पहुंचे। यहां उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात की और उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।कलेक्टर ने प्रत्येक वृद्धजन के पास पहुंचकर उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मिठाई वितरित की। इस दौरान बुजुर्गों से संवाद कर उनकी दिनचर्या एवं आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
मुलाकात के दौरान वृद्धजनों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं साझा कीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उनके लिए पौष्टिक भोजन, आवश्यक दवाओं, स्वास्थ्य देखभाल एवं रहने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वृद्धजनों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर समाजसेविका आशा मिश्रा, वृद्धाश्रम अधीक्षक रावेन्द्र तिवारी एवं आश्रम के कर्मचारी उपस्थित रहे।
