बरही अग्निकांड की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, छह लोगों की मौत के मामले में 30 दिन में आएगी रिपोर्ट
कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र की अध्यक्षता में बनाई चार सदस्यीय समिति, आग लगने के कारणों से लेकर राहत-बचाव कार्यों और संभावित लापरवाही तक की होगी जांच
कटनी। RPKP INDIA NEWS। कटनी जिले के बरही नगर के मुख्य बाजार में हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। घटना के वास्तविक कारणों, परिस्थितियों और संभावित लापरवाही का पता लगाने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आशीष तिवारी ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं।
कलेक्टर ने अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को घटना से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर 30 दिनों के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित हुई जांच समिति
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जांच समिति की अध्यक्षता अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र करेंगे। समिति में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजयराघवगढ़ विजय धारवे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कैमोर मनीष परते और सहायक यंत्री विद्युत सुरक्षा कटनी श्रीमती ज्योति यादव को सदस्य बनाया गया है।
समिति बरही निवासी पूरनलाल पिता श्री भगवत प्रसाद के आवासीय भवन एवं उसमें संचालित क्रॉकरी दुकान में लगी आग की घटना की जांच करेगी।

आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों की होगी पड़ताल
जांच समिति यह पता लगाएगी कि भवन में आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके वास्तविक कारण क्या थे। इसके साथ ही आवासीय भवन और दुकान के संचालन से संबंधित नियमों तथा अग्नि एवं अन्य सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति का परीक्षण किया जाएगा। समिति यह भी जांच करेगी कि घटना में किसी स्तर पर लापरवाही या चूक हुई थी या नहीं और यदि ऐसा हुआ तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
पुलिस, राजस्व और अग्निशमन विभाग की भूमिका भी जांच के दायरे में
मजिस्ट्रियल जांच के दौरान आग लगने के बाद पुलिस, राजस्व और अग्निशमन विभाग द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी। समिति संबंधित विभागों की कार्रवाई, उपलब्ध संसाधनों और घटनास्थल पर किए गए प्रयासों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल करेगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दस्तावेजों की होगी जांच
जांच समिति संबंधित व्यक्तियों, प्रत्यक्षदर्शियों और प्रभावित पक्षों के बयान दर्ज करेगी। इसके अलावा विभागीय अभिलेखों, आवश्यक दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा, ताकि घटना के कारणों और संभावित जिम्मेदारियों का पता लगाया जा सके।
जांच रिपोर्ट में भविष्य में इस तरह की हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी शामिल किए जाएंगे।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने समिति को 30 दिवस के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट के माध्यम से बरही अग्निकांड से जुड़े कारणों, सुरक्षा व्यवस्था और संभावित लापरवाही के पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
✍️ संतोष प्रसाद तिवारी
RPKP INDIA NEWS
कैमोर

