बरही अग्निकांड पर राज्यपाल और CM मोहन यादव ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता

कटनी के बरही में भीषण आग की घटना में छह लोगों की मौत से शोक की लहर, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए

कटनी। RPKP INDIA NEWS। कटनी जिले के बरही नगर में दीपावली के दौरान हुए भीषण अग्निकांड में छह लोगों की दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस हृदयविदारक घटना पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। दोनों ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

मुख्यमंत्री ने 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बरही अग्निकांड में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भी जताया दुख

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने भी बरही में हुए अग्नि हादसे में मृतकों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

बरही में हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिला प्रशासन द्वारा घटना की मजिस्ट्रियल जांच के लिए समिति गठित की गई है।

✍️ संतोष प्रसाद तिवारी
  RPKP INDIA NEWS
                कैमोर

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें