कल्पना के आत्मविश्वास ने जीता कलेक्टर का दिल, अंग्रेजी में दिया परिचय तो गूंज उठीं तालियां
(कटनी) – बच्चों की आंखों में सपने हों और उन्हें साकार करने के लिए शिक्षा का मजबूत आधार मिले, तो प्रतिभा किसी भी परिस्थिति में अपना रास्ता बना लेती है। ग्राम केवलारी की शासकीय प्राथमिक शाला में शुक्रवार को कुछ ऐसा ही प्रेरक दृश्य देखने को मिला। यहां कलेक्टर श्री आशीष तिवारी विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत कर उनकी शैक्षणिक समझ, ज्ञान और आत्मविश्वास को परखा।
कक्षा में विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 8वीं की छात्रा कल्पना मिश्रा से अंग्रेजी में अपना परिचय देने को कहा। कल्पना ने बिना किसी झिझक के पूरे आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी में अपना परिचय दिया। उसके सहज अंदाज और स्पष्ट अभिव्यक्ति ने कलेक्टर सहित वहां मौजूद अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। कल्पना ने कहा, “My name is Kalpana Mishra…”। छात्रा के आत्मविश्वास से प्रभावित अधिकारियों ने तालियां बजाकर उसका उत्साह बढ़ाया। इसी तरह कक्षा 8वीं के छात्र प्रवीण ने भी कलेक्टर के सवालों के जवाब पूरे आत्मविश्वास के साथ दिए।

बच्चों के जवाबों में झलकता आत्मविश्वास इस बात का संकेत था कि ग्रामीण परिवेश में भी प्रतिभाएं पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ रही हैं। जरूरत है तो बस उन्हें उचित मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने की।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद के बाद विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पाण्डेय को निर्देश दिए कि सभी विद्यार्थी नियमित रूप से निर्धारित स्कूली यूनिफॉर्म पहनकर विद्यालय आएं। साथ ही विद्यालय में जरूरी बुनियादी सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी श्री जितेंद्र पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

