योग विश्व कल्याण का सशक्त माध्यम – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

सदियों से योग हमारे जीवन का अभिन्न अंग
स्वामी विवेकानंद योग विश्वविद्यालय बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव
विश्वविद्यालय के संचालकों को मध्यप्रदेश में अपना यूनिवर्सिटी कैम्पस खोलने का दिया प्रस्ताव

(भोपाल) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि योग आज विश्व में भारत की विशिष्ट पहचान बन चुका है। योग ने पूरी दुनिया को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ व्यक्तित्व विकास तथा आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। योग सदियों से हमारी भारतीय जीवन पद्धति का आधार और अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि योग पूरी काया की विश्रांति है। यह सिर्फ़ एक व्यायाम ही नहीं, शरीर, मन और आत्मा को जोड़कर जीवन को संतुलित एवं निरोगी बनाने की पद्धति है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को स्वामी विवेकानंद योग विश्वविद्यालय, बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर स्वर्ण जयंती समारोह का विधिवत् शुभारंभ किया। एस-व्यासा सोसायटी द्वारा संचालित इस योग विश्वविद्यालय के संचालकों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव के जीवन कृतित्व पर प्रकाश डालकर तथा स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा, गज प्रतिमा, कर्नाटक की प्रसिद्ध कारीगरी वाली पारम्परिक शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया गया।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें