सलैया के इथेनॉल प्लांट पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी, उद्योगपतियों से जानी समस्याएं; देवरीहटाई जनविश्वास शिविर में मिले 63 आवेदन

कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को ग्राम सलैया स्थित वीनस एग्रोफ्यूल प्राइवेट लिमिटेड के इथेनॉल प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट की उत्पादन क्षमता, संचालन व्यवस्था और औद्योगिक गतिविधियों की जानकारी ली। कंपनी प्रबंधन ने बताया कि प्लांट में प्रतिदिन करीब 60 हजार लीटर इथेनॉल का उत्पादन हो रहा है। यहां तैयार इथेनॉल की आपूर्ति छिंदवाड़ा, कटनी सहित प्रदेश के अन्य जिलों में की जाती है। साथ ही विदेशों में भी इसका विक्रय किया जाता है।

उद्योगपतियों से किया संवाद, समस्याओं के निराकरण के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उद्योगपतियों से चर्चा कर औद्योगिक गतिविधियों के संचालन में आ रही परेशानियों और चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। उद्योगपतियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं उनके सामने रखीं। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

जनविश्वास शिविर में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, 63 आवेदन प्राप्त

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर के निर्देश पर ग्राम देवरीहटाई में जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ लेने पहुंचे तीन पात्र आवेदकों को योजना से लाभान्वित किया गया।

शिविर में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, तहसीलदार ग्रामीण अतुलेश सिंह, जनपद पंचायत कटनी के सीईओ प्रदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

शिविर के दौरान अधिकारियों ने ग्राम देवरीहटाई स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया। यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों के पंजीयन और आयुष्मान कार्ड निर्माण की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने और गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें