कलेक्टर ने तहसील बहरी का किया निरीक्षण, राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की
सीएम हेल्पलाइन, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा एवं रेलवे भू-अर्जन के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीमांकन, नामांतरण एवं बंटवारा से संबंधित लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि आम नागरिकों से जुड़े इन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कलेक्टर ने रेलवे परियोजना से संबंधित भू-अर्जन के प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने भू-अर्जन की प्रक्रिया में आवश्यक कार्यवाही समय पर पूर्ण करने तथा संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें, निर्धारित समय-सीमा का पालन करें तथा आमजन को राजस्व संबंधी सेवाएं सहजता एवं पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यों में लापरवाही न बरतें और शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में उपखंड अधिकारी सिहावल राकेश शुक्ला, तहसीलदार हिमांशु शुक्ला सहित राजस्व अधिकारी एवं पटवारी उपस्थित रहे।
