जिले को मिली 960 मीट्रिक टन डीएपी और टीएसपी खाद कलेक्टर श्री तिवारी ने ई-टोकन द्वारा ही खाद का वितरण कराने के दिये निर्देश
(कटनी) जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संवाद और सार्थक प्रयासों की वजह से जिले को 420 मीट्रिक टन डीएपी और और 540 मीट्रिक टन टीएसपी सहित कुल 960 मीट्रिक टन खाद मिली है।जिला विपणन अधिकारी श्री आनंद नारायण पाण्डेय ने बताया कि प्राप्त डीएपी खाद में से कटनी डबल लॉक केन्द्र और बरही डबल लॉक केन्द्र को 60-60 मीट्रिक टन डीएपी आवंटित की जाएगी।
जबकि बहोरीबंद और स्लीमनाबाद डबल लॉक केंद्र को 90-90 मीट्रिक टन डीएपी आवंटित की जाएगी। वहीं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कटनी को 120 मीट्रिक टन तथा एमपी एग्रो कटनी को 30 मीट्रिक टन डीएपी आवंटित की जाएगी। इस व्यवस्था से जिले के किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो सकेगा।इसी तरह टीएसपी में कटनी, बहोरीबंद, स्लीमनाबाद और बरही डबल लॉक केंद्र को 90-90 मीट्रिक टन टीएसपी आवंटित की जाएगी। वहीं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कटनी को 150 मीट्रिक टन तथा एमपी एग्रो कटनी को 30 मीट्रिक टन टीएसपी आवंटित की जाएगी।कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे मिट्टी के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए संतुलित मात्रा में ही उर्वरकों का उपयोग करें।
आवश्यकता से अधिक खाद का प्रयोग करने से कृषि लागत बढ़ने के साथ-साथ भूमि की उर्वरक क्षमता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। वाट्सएप बॉट से टोकन जनरेट करने की सुविधाई-विकास 2.0 के तहत किसानों की सुविधा के लिए मोबाइल पर वाट्सएप बॉट के माध्यम से टोकन जनरेट करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। किसान वाट्सएप पर “हेल्प” या “मदद” लिखकर टोकन, रिटेलर, उर्वरक, उठाव की तिथि और टोकन की वैधता सहित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके माध्यम से किसान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उर्वरक का क्रय कर सकेंगे।
