कलेक्‍टर श्री तिवारी ने किसान शरद पटेल के खेत पहुँचकर किया सुपर सीडर से गेहूं की बोनी का अवलोकन किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने की दी सलाह, मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण में मिलेगी मदद

(कटनी) धान की कटाई के बाद खेतों में बची नरवाई अब किसानों के लिए परेशानी नहीं, बल्कि खेती में उपयोगी साबित हो सकती है। आधुनिक कृषि यंत्र सुपर सीडर की मदद से नरवाई जलाए बिना सीधे गेहूं की बोनी की जा सकती है। इसी तकनीक के प्रति किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से रीठी विकासखंड में कृषि विभाग द्वारा कृषक शरद पटेल के खेत में सुपर सीडर से गेहूं की बोनी का प्रदर्शन किया गया।इस तकनीक का प्रदर्शन देखने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी स्वयं किसान के खेत पहुंचे। उन्होंने मशीन की कार्यप्रणाली को समझा और देखा कि किस तरह खेत में मौजूद नरवाई को हटाए या जलाए बिना गेहूं की बोनी की जा सकती है।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, एसडीएम कटनी श्री जितेंद्र पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्‍या में किसान मौजूद रहे।कलेक्टर श्री तिवारी ने किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि फसल कटाई के बाद खेतों में बची नरवाई को जलाना जमीन की सेहत और पर्यावरण दोनों के लिए नुकसानदायक है। इसके स्थान पर किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर नरवाई का खेत में ही वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करना चाहिए। सुपर सीडर ऐसी उपयोगी तकनीक है, जिससे फसल अवशेषों को जलाने की जरूरत नहीं पड़ती और सीधे गेहूं की बोनी संभव होती है।

सुपर सीडर तकनीक से किसानों का समय और मेहनत बचती है। खेत में मौजूद फसल अवशेष मिट्टी में मिलकर जैविक पदार्थ बढ़ाने में सहायक होते हैं। इससे मिट्टी की नमी संरक्षित रहती है और उसकी उर्वरता एवं गुणवत्ता में सुधार होता है। साथ ही नरवाई जलाने से निकलने वाले धुएं और वायु प्रदूषण से भी बचाव होता है।कृषि विभाग ने किसानों से अपील की कि वे नरवाई जलाने के बजाय सुपर सीडर सहित अन्य आधुनिक कृषि यंत्रों को अपनाएं। इससे खेती की लागत और मेहनत कम करने के साथ जमीन की उर्वरता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें