विकास और सर्वहारा वर्ग के उत्थान के लिये सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी – मुख्यमंत्री श्री चौहान

( मुरैना )

कैलारस क्षेत्र में 2 हजार करोड़ रूपये का डीआरडीओ का प्रोजेक्ट आयेगा – केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर, 170 करोड़ रूपये के विकास कार्यो की सौगात से जौरा, कैलारस में विकास की खुशहाली आयेगी – राज्यसभा सांसद श्री सिंधिया

     मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के विकास और सर्वहारा वर्ग के उत्थान के लिये सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि आज मुरैना, छैरा और कैलारस में करोड़ों रूपयों के विकास कार्यो के शिलायान्स तथा लोकार्पण किये है, जरूरतमंदों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित भी किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने जितनी भी योजनायें बंद की थी, वह सभी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जायेगा। केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि कैलारस क्षेत्र में भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा 2 हजार करोड़ रूपये का प्रोजेक्ट लागू किया जायेगा। इस प्रोजेक्ट से यहां के हजारों लोंगो को रोजगार मिलेगा। राज्यसभा सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हमारे प्रदेश के जननायक मुख्यमंत्री जी खाली हाथ नहीं आयें है। उन्होंने कहा कि आज ही जौरा, कैलारस में 170 करोड़ रूपये के विकास कार्यो का भूमिपूजन और लोकार्पण किया है। इन विकास कार्यो से यहां की जनता की सभी असुविधायें दूर होंगी। वे खुशहाल होंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान, केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर और राज्यसभा सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को कैलारस में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। मौके पर अतिथियों ने 170 करोड़ 55 लाख रूपये की लागत से 23 निर्माण कार्यो का भूमिपूजन और नवनिर्माण विकास कार्यो का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री सूवेदार सिंह रजौधा, श्री दुर्गालाल विजय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री योगेशपाल गुप्ता, समाजसेवी श्री अनूप भदौरिया, श्री नागेन्द्र तिवारी, चंबल कमिश्नर श्री आर.के मिश्रा, पुलिस महानिरीक्षक श्री मनोज शर्मा, कलेक्टर श्री अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया सहित जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
   आमसभा को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर जौरा, कैलारस के विकास के लिये 2 हजार करोड़ रूपये का डी.आर.डी.ओ. का प्रोजेक्ट और साढ़े 8 हजार करोड़ रूपये का चंबल अटल प्रोग्रेस-वे लेकर आये है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिये कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को शासकीय विभागों में नौकरी के साथ-साथ रोजगार के नये अवसर खोले जायेंगे। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार पुलिस में भर्ती करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबो की थाली खाली न रहे, इसके लिये एक रूपये किलो राशन की उपलब्धता सुनिश्चित कराई है। उन्होंने कहा कि सभी गरीबो को पात्रता पर्ची के अनुसार 16 सितम्बर से खाद्यान्न वितरण कराया जायेगा। गरीब बेटा-बेटियों को उच्च शिक्षा के लिये सरकार फीस भरेगी, उच्च अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की योजना फिर से शुरू करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गो को तीर्थ स्थलों पर भेजने के लिये मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की भी शुरूआत होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने संबल योजना बंद कर दी थी, हम इस योजना में जन्म देने वाली गर्भवती माताओं को जन्म देने से पूर्व 4 हजार और जन्म देने के बाद 12 हजार रूपये देने की व्यवस्था करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पूर्व सरकार ने वायदे नहीं निभाये, 2 लाख तक के किसानों के कर्ज माफ नहीं किये और झठे प्रमाणपत्र बटवा दिये। पूर्व सरकार ने बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के नाम पर धोखा दिया। बेरोजगारों को न रोजगार दिया और न ही बेरोजगारी भत्ता दिया। कन्यादान योजना के 51 हजार रूपये भी नहीं दिये। उन्होंने कहा कि संबल योजना के तहत सरकार गरीब मुखिया की आकस्मिक मृत्यु होने पर 4 लाख रूपये, सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख और अन्त्येष्टी के समय 5 हजार रूपये देगी। उन्होंने कहा कि छोटे व्यवसायियां जो कोरोनो के समय अपना धंधा बंद कर चुके थे, ऐसे व्यवसायियों के लिये पथ विक्रेता योजना के तहत बगैर ब्याज के 10-10 हजार रूपये देने की गारंटी सरकार ने ली है।
    मुख्यमंत्री ने मौके पर पूर्व विधायक श्री सूवेदार सिंह रजौधा द्वारा प्रस्तुत किये मांग पर कहा कि जितनी भी पुल-पुलिया, सड़क एवं अन्य कामों की मांग है, सभी पूरी की जायेगी।
केन्द्रीय कृषि, ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि जौरा, कैलारस कई बार आना हुआ, लेकिन जितना विशाल कार्यक्रम आज हो रहा है, इससे पूर्व कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश में श्री शिवराज सिंह चौहान ने चौथीवार मुख्यमंत्री की शपथ ली है। हमारे मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत होना चाहिये। उन्हांेने कहा कि प्रदेश में जो भी परिस्थितियां बनी, वह किसी से छिपी नहीं है, आज हमारे साथ श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया है। हमारा सौभाग्य है कि पिछले साढ़े 13 साल में श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व की सरकार ने विकास और गरीबो के उत्थान में कहीं कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। आज भी हमने क्षेत्र की जनता की भावनाओं के अनुरूप 170 करोड़ 55 लाख के विकास कार्यो की सौगात जनता को दी।
उन्होंने कहा कि चाहे नेपरी का पुल हो या सिकरौदा का पुल हमने सभी पुल बनवाये है। नहर के किनारे 110 करोड़ रूपये की सीमेन्ट कंक्रीट सड़क के साथ अनेकों काम करके प्रदेश सरकार ने अपने वायदे पूरे किये है। उन्होंने कहा कि अटारघाट, पिनाहट घाट और उसैदघाट के पुलों का निर्माण भी पूरा किया जा रहा है।
केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि कैलारस के लांेगो के लिये केन्द्र सरकार रक्षामंत्रालय का 2 हजार करोड़ रूपये का डीआरडीओ का प्रोजेक्ट लेकर आ रही है। इस प्रोजेक्ट के पूर्ण होते ही कैलारस और जौरा की तकदीर और तस्वीर दोनो ही बदल जायेगी। स्थानीय लोंगो को बड़ी संख्या में रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि चंबल क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिये चंबल अटल प्रोग्रेस-वे को भी मंजूरी मिल गई है। इस प्रोग्रेस-वे के बन जाने से उत्तप्रदेश और राजस्थान से चंबल अंचल जुड़ जायेगा।
लोगो के आत्म सम्मान के लिये काम करता है सिंधिया परिवार
राज्यसभा सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि चंबल की जनता स्वाभिमानी है, उसके स्वाभिमान को कोई चोट पहुंचाता है तो उसे सबक सिखाती है। पूर्व सरकार ने भी 15 महीने बल्लभ भवन में बैठकर काम किया और जनता की सुध नहीं ली। पूर्व सरकार विकास के नाम पर बात करने को तैयार नहीं थी। सिंधिया परिवार ने हमेशा चंबल-ग्वालियर के लोंगो के आत्म सम्मान के लिये काम किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने अपने 15 माह के कार्यकाल प्रधानमंत्री फसल बीमा की किस्त तक नहीं भरी, जबकि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आते ही 2990 करोड़ रूपये किसानों के हित में जमा कराये। श्री सिंधिया ने कहा कि क्षेत्र का विकास हम सभी का लक्ष्य है, जौरा, कैलारस के लिये 170 करोड़ रूपये की सौगात हमारे जननायक मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संवेदनशील सरकार है। प्रदेश की प्रगति और विकास के लिये हम सभी साथ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान विराट ह्दय के है और जनसेवा और प्रदेश के विकास के प्रति कृतज्ञ है।
हितग्राहियों को मौके पर किया लाभान्वित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर और राज्यसभा सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संबल योजना के तहत 5 लोंगो को 12 लाख अनुग्रह सहायता राशि, आजीविका मिशन के तहत सीसीएल के अनुसार 2 हितग्राहियों को 51 लाख रूपये, आर.एफ सूची के अनुसार 3 हितग्राहियों को 38 हजार रूपये, पथ विक्रेता योजना के तहत 5 लोंगो को 60 हजार रूपये के चैक भेंट किये। 2 दिव्यांग व्यक्तियों को ट्रायस्किल और 3 बच्चियों की माताओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत लाभान्वित किया गया है।
इन कार्यो का हुआ भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 3 करोड़ 34 लाख रूपये की लागत से जापथाप से तिन्दौखर मार्ग, 2 करोड़ 20 लाख रूपये की लागत से जापथाप से खेरली मार्ग, 2 करोड़ 5 लाख रूपये की लागत से कैमारा से सिकरौदा मार्ग, 1 करोड़ 88 लाख रूपये की लागत से खेरली से गुजरना मोड़ मार्ग, 1 करोड़ 63 लाख रूपये की लागत से विस्नोई से बघौरा मार्ग, 1 करोड़ 25 लाख रूपये की लागत से निदान से रूनीपुर मार्ग, 1 करोड़ 20 लाख रूपये की लागत से बृजगढ़ी से किरावली बीहड़ मार्ग, 83 लाख रूपये की लागत से रामजानकी मंदिर से अलापुर पहुंच मार्ग, 64 लाख रूपये की लागत से स्यारू से चिन्नोनी करैरा मार्ग, 1 करोड़ 50 लाख रूपये की लागत से कन्हार में नलजल योजना, 7 करोड़ 49 लाख रूपये की लागत से पिरौनिया रोड़ से परसौटा मार्ग, 9 करोड़ 99 लाख रूपये की लागत से टिकटोली दूमदार से बाई परसौटा मार्ग, 4 करोड़ रूपये की लागत से कैनाल, कलुआपुरा, रन्छोरपुरा, उदयपुरा मार्ग से 6 किलोमीटर, 1 करोड़ 98 लाख रूपये की लागत से कैनाल से गुर्जा भर्रेड, ढ़बोखरी मार्ग, 1 करोड़ 61 लाख रूपये की लागत से नरहेला डगरियापुरा मार्ग, 2 करोड़ 66 लाख रूपये की लागत से कैनाल तिलावली से मंजीतपुरा मार्ग तक, 1 करोड़ 32 लाख रूपये की लागत से वीरमपुर से चौडे़रा मार्ग, 3 करोड़ 64 लाख रूपये की लागत से एबीसी माता का पुरा सिंगरोली से माधौपुरा मार्ग, 80 लाख रूपये की लागत से ग्राम अगरौता में खेल मैदान का भूमिपूजन किया।
इन कार्यो का हुआ लोकार्पण
इसके अलावा 45 लाख रूपये की लागत से वनखण्ड़ी मंदिर से जौरा तहसील तक मार्ग, 41 लाख रूपये की लागत से चिन्नोनी करैरा से रसौधना मार्ग, 1 करोड़ 31 लाख रूपये की लागत से बिस्नोरी रोड़ से भटयारा सड़क, 87 लाख रूपये की लागत से शासकीय हाईस्कूल निमास, 66 लाख रूपये की लागत से टप्पा तहसील पहाडगढ़, 1 करोड़ 67 लाख रूपये की लागत से दबौखरी से झुण्डपुरा मार्ग और 1 करोड़ 43 लाख रूपये की लागत से बिस्नोरी मार्ग से जलालपुर मार्ग तक सड़कों का लोकार्पण किया।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कैलारस में ही सबलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत 4 करोड़ 34 लाख रूपये की लागत से टेंटरा से भटपुरा मार्ग, 1 करोड़ 10 लाख रूपये की लागत से रतनपुर पहुंच मार्ग, 14 करोड़ 81 लाख रूपये की लागत से कैलारस पहाडगढ़ रोड़ से गोलाहारी व्हाया मामचौन मार्ग, 7 करोड़ 36 लाख रूपये की लागत से एम.एस रोड़ से भदरेंटा व्हाया सहदपुर सड़क का भूमिपूजन किया।
इसी प्रकार 1 करोड़ 75 लाख रूपये की लागत से हायर सेकेण्डरी स्कूल सेमई, 66 लाख रूपये की लागत से शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल रिझौनी और 1 करोड़ 75 लाख रूपये की लागत से शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल मांगरौल का लोकार्पण किया।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें