गरीब कल्याण सप्ताह का पांचवां दिन महिला सशक्त्किरण के लिये समर्पित
जिले के 341 आजीविका मिशन के स्वसहायता समूहों को 3 करोड़ 56 लाख का ऋण वितरित
कटनी – प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर राज्य शासन द्वारा प्रदेशभर में शुरु किये गये गरीब कल्याण सप्ताह का पांचवां दिन महिला सशक्तिकरण की अवधारणा पर केन्द्रित रहा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को पूरे प्रदेश की आजीविका मिशन की महिला स्वसहायता समूहों के सशक्तिकरण के लिये प्रतिमाह 150 करोड़ रुपयों के ऋण वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेशभर के महिला स्वसहायता समूहों को स्वीकृत 190 करोड़ रुपये के ऋण में से 164 करोड़ के ऋण वितरण किये।
राज्यस्तरीय महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान और पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल के संबोधन को जिलास्तर, विकासखण्ड स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर लाईव टेलीकास्ट और जिले के हितग्राहियों ने वेबकास्टिंग के माध्यम से देखा और सुना।
महिला सशक्तिकरण के कलेक्ट्रेट एनआईसी में आयोजित जिलास्तरीय ’’क्रेडिट कैम्प’’ कार्यक्रम में कलेक्टर शशिभूषण सिंह, सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, पीताम्बर टोपनानी, जिला परियोजना प्रबंधक आजीविका मिशन शबाना बेगम सहित बैंक के अधिकारी एवं महिला स्वसहायता समूहों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। महिला सशक्तिकरण के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेशभर के आजीविका स्वसहायता समूह की महिला सदस्यों को 164 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किये। उन्होने इस मौके पर स्वसहायता पोर्टल का लोकार्पण किया तथा महिला स्वसहायता समूहों को 70 करोड़ की रिवॉल्विंग फण्ड की राशि भी जारी की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दमोह जिले के देवडोंगरा ग्राम की चण्डी माता स्वसहायता समूह की सचिव भाग बाई पटेल और देवास जिले की आशा आजीविका स्वसहायता समूह की साधना नायर, शिवपुरी जिले की राखी प्रजापति से सीधी बातचीत की।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महिला स्वसहायता समूहों के सशक्तिकरण के लिये प्रत्येक समूह की मासिक आय न्यूनतम 10 हजार किये जाने के प्रयास किये जायेंगे। सरकारी खरीदी में महिला स्वसहायता समूहों के तैयार उत्पाद सामग्री को प्राथमिकता दी जायेगी। राज्य आजीविका संस्थान और राज्यस्तरीय विपणन महासंघ की स्थापना कर समूहों को ऑनलाईन ट्रेडिंग से जोड़ा जायेगा।
जिलास्तरीय महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम में कलेक्टर शशिभूषण सिंह, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव ने जिले के 341 महिला स्वसहायता समूहों को बैंकों द्वारा स्वीकृत 3 करोड़ 56 लाख 25 हजार रुपये के ऋण वितरित किये।
इसी प्रकार जनपद पंचायतों में आयोजित विकासखण्ड स्तरीय महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा विकासखण्ड के महिला स्वसहायता समूहों को ऋण वितरण किया गया। परियोजना प्रबंधक जिला आजीविका मिशन शबाना बेगम ने बताया कि जिले के 341 महिला स्वसहायता समूहों को 3 करोड़ 56 लाख 25 हजार रुपये के ऋण रविवार को वितरित किये गये हैं। जिनमें बड़वारा विकासखण्ड के 36 महिला स्वसहायता समूहों को 37 लाख, बहोरीबंद के 91 स्वसहायता समूहों को 91 लाख 75 हजार, ढीमरखेड़ा के 58 समूहों को 58 लाख 50 हजार, कटनी के 51 समूहों को 49 लाख, रीठी के 33 समूहों को 33 लाख और विजयराघवगढ़ के 72 महिला स्वसहायता समूहों को 87 लाख रुपये का ऋण वितरण किया गया है।
वितरित ऋण में सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने 101 समूहों को 101 लाख, मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा 77 समूहों को 79 लाख, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने 29 समूहों को 29 लाख और अन्य बैंकों द्वारा 134 महिला स्वसहायता समूहों को 147 लाख 25 हजार रुपये का ऋण वितरण किया गया है।

