सम्पति विरूपण अधिनियम का होगा कड़ाई से पालन
( सागर )
स्टेण्डिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न
|
कलेक्टर एवं जिला निर्चाचन अधिकारी श्री दीपक सिंह ने आज यहां राहतगढ़ जनपद पंचायत सभाकक्ष में राजनीतिक दलों की स्टेंण्डिग कमेटी की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अतुल सिंह, एसडीएम श्री रमेश पांडेय, एसडीएम श्री संतोष चंदेल सहित अन्य अधिकारी और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री दीपक सिंह ने आदर्श आचरण संहिता, सम्पत्ति विरूपण अधिनियम, कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम सहित अन्य प्रावधानों की जानकारी देते हुये कहा कि, इनका हर हाल में पालन किया जाये। निष्पक्ष, निर्भीक, पारदर्शी तथा शांतिपूर्ण निर्वाचन हमारी प्राथमिकता है। इसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुये कहा कि चुनाव की घोषणा होते ही आदर्श आचरण संहिता लागू हो गयी है। सभी आदर्श आचरण संहिता का पालन करें। उन्होंने बताया कि सम्पत्ति विरूपण अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जायेगा। अवैध रूप से लगे होर्डिंग, बैनर, फ्लेक्स आदि को हटाया जाएगा। इसके साथ ही वीडियो टीम बनाकर भी निगरानी रखी जा रही है। श्री दीपक सिंह ने बताया कि कोविड-19 को देखते हुये निर्वाचन की व्यवस्था की जा रही है। रैली में 5 वाहन से अधिक नहीं रह सकेंगे। शासकीय सम्पत्तियों से 24 घण्टे में, सार्वजनिक सम्पत्तियों से 48 घण्टे में तथा निजी सम्पत्तियों से प्रचार-प्रसार सामग्री हटाने के निर्देश हैं। उन्होंने बताया कि निगरानी की पुख्ता व्यवस्था की गई है। हर गतिविधि पर निगरानी रहेगी और वीडियो रिकार्डिंग करायी जायेगी। |
