संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा –

( रीवा )

महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संचालक ऊषा सिंह सोलंकी ने कलेक्ट्रेट स्थित मोहन सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए समस्त परियोजना अधिकारियों एवं समस्त पर्यवेक्षकों को निर्देश दिये कि जिले में गंभीर कुपोषित बच्चों एवं कुपोषित बच्चों को अनिवार्य रूप से पोषण आहार वितरित किया जाय तथा अतिकुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कर उनके पोषण स्तर में सुधार कर उन्हें सुपोषित बनाया जाय। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण वाटिका तैयार की जाय। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रतिभा पाण्डेय, सहायक संचालक आशीष द्विवेदी, परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित थी।
संयुक्त संचालक ने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्र किसी भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता या सहायिका के घर में संचालित न किया जाय। उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों को पोषण आहार का वितरण किया जाना अतिआवश्यक है जब कुपोषित बच्चों को पोषण आहार नियमित रूप से दिया जायेगा तभी वे कुपोषण से मुक्त होंगे। उन्होंने कहा कि पोषण-आहार वितरण में अनियमितता होने पर संबंधित समूह, पर्यवेक्षक और परियोजना अधिकारी के विरूद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाय। संयुक्त संचालक ने कहा कि पर्यवेक्षक नियमित रूप से आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही प्रस्तावित की जाय अन्यथा पर्यवेक्षक एवं परियोजना अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना में प्राप्त लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की जाय। लाडली लक्ष्मी योजना में पात्र बच्चियों को छात्रवृत्ति वितरित की जाय। लाडली लक्ष्मी योजना अन्तर्गत शेष बची एनएससी की राशि पोस्ट ऑफिस से समन्वय कर शीघ्र जमा करायी जाय। उन्होंने सांझा चूल्हा में संलग्न समूहों को समय पर भुगतान किया जाय। खाद्यान्न का उठाव समय पर कर समूहों को वितरित किया जाय। उन्होंने निर्देश दिये कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में सभी आवश्यक अभिलेख संधारित किये जाय। हितग्राहियों को प्रदाय की जाने वाली सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करायी जाये। आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों का नियमित रूप से वजन लेकर पंजी संधारित की जाय।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें