लोक सेवा संचालकों एवं आधार ऑपरेटर्स का प्रशिक्षण सम्पन्न –
* कटनी *
कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशानुसार जिले के लोक सेवा केन्द्रों में आयुष्मान भारत योजना के आयुष्मान कार्ड बनाने और आधार कार्ड पंजीयन, अपग्रेडेशन की सुविधा आम नागरिकों के लिये प्रारंभ कर दी गई है। जिले में लोगों को आधार कार्ड उपलब्ध कराने की सुविधा के दृष्टिगत पूर्व निर्धारित आधार सेन्टर्स के अलावा 8 लोक सेवा केन्द्रों में भी आधार कार्ड बनवाये जा सकेंगे।
कलेक्टर के निर्देशानुसार लोक सेवा केन्द्र संचालकों और आधार ऑपरेटर्स को आधार पंजीयन एवं केन्द्र संचालन के संबंध में बुधवार को ई-दक्ष केन्द्र में एक दिवसीय प्रशिक्षण जिला प्रबंधक ई-गवर्नेन्स सौरभ नामदेव द्वारा दिया गया। कटनी जिले में आधार सेवायें 18 स्थानों पर वर्तमान में संचालित की जा रही हैं। जिनमें कटनी जनपद, नगर निगम कटनी, शासकीय जिला अस्पताल, लोक सेवा केन्द्र ढीमरखेड़ा, विजयराघवगढ़, नगर परिषद् बरही, ढीमरखेड़ा हॉस्पिटल, लोक सेवा केन्द्र बहोरीबंद, ग्राम पंचायत उमरियापान, लोक सेवा केन्द्र रीठी, कटनी ग्रामीण, कटनी, बड़वारा के अलावा साधूराम स्कूल कटनी, नगर निगम कटनी जोन कार्यालय क्रमांक 3 और कलेक्ट्रेट कटनी में संचालित आधार सेटर्स पर सेवायें दी जा रही हैं। इन स्थानों पर प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक आधार पंजीयन एवं अपग्रेडेशन की कार्यवाही की जायेगी।

