विंध्य और बुन्देलखण्ड क्षेत्र को मिली नई रेल कनेक्टविटी-मिलेंगे विकास के नये आयाम
सतना-देवेंद्र नगर एवं रीवा-चुरहट रेलखंडों का लोकार्पण, देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से हुए शामिल दिसंबर 2026 तक सीधी और 2028 तक सिंगरौली तक रेल लाइन पूर्ण करने का लक्ष्य विंध्य और बुंदेलखंड विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं – मुख्यमंत्री डॉ यादव रेल कनेक्टिविटी से आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी नई गति – मुख्यमंत्री विंध्य और बुंदेलखंड के लिए लाइफलाइन बनेगी यह रेलवे लाइन – केंद्रीय रेल मंत्री श्री वैष्णव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में रेल विकास के नए अवसर साकार हो रहे हैं। प्रदेश में 1.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगतिरत है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी, उद्योगों के नए अवसर विकसित होंगे तथा युवाओं को रोजगार मिलेगा। साथ ही, लोगों की बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच भी आसान होगी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज विंध्य और बुंदेलखंड के लिए विकास की लाइफलाइन जुड़ने का दिन है। इस क्षेत्र के लोगों का रेल कनेक्टिविटी का सपना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में दूरस्थ अंचलों तक सड़क नेटवर्क का विस्तार किया गया, उसी प्रकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे नेटवर्क का विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन के दो महत्वपूर्ण खंडों का कार्य पूरा होना क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह रेल लाइन ऊर्जा और उद्योगों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी तथा विंध्य क्षेत्र को औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की संभावनाएं बढ़ाएगी।
रेल मंत्री ने मध्य प्रदेश में नई रेल लाइनों के निर्माण और दोहरीकरण की परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन, कटनी-सिंगरौली रेल लाइन के दोहरीकरण तथा रीवा-सतना रेलखंड के दोहरीकरण का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में लंबी दूरी की अनेक ट्रेनें और मेमू सेवाएं शुरू करने की संभावनाएं बढ़ेंगी। प्रदेश के 80 रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे विभाग सेवा भाव के साथ कार्य कर रहा है। रेल परियोजनाओं के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। परियोजनाओं के दौरान जितने पेड़ काटे जाएंगे, उनकी तुलना में चार गुना पौधारोपण किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा-साकार हुआ वर्षों पुराना सपना
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि आज सपनों के साकार होने का ऐतिहासिक दिन है। वर्ष 2016 में तत्कालीन रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु ने जिस रेल परियोजना की नींव रखी थी, वह वर्ष 2026 में साकार हो रही है। यह रेल लाइन प्रदेश की ऊर्जाधानी सिंगरौली को रीवा और सतना के सीमेंट उद्योगों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए औद्योगिक क्रांति, पर्यटन क्रांति और कृषि क्रांति आवश्यक हैं, जिनकी आधारशिला मजबूत अधोसंरचना होती है। विंध्य क्षेत्र में रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से विकास की नई संभावनाएं निर्मित हो रही हैं। रीवा-सीधी-सिंगरौली रेल लाइन के साथ रीवा-सीधी फोरलेन और सीधी-सिंगरौली फोरलेन सड़क परियोजनाओं पर भी कार्य प्रगतिरत है।
सिंगरौली से पन्ना तक औद्योगिक कारीडोर के रूप में क्षेत्र विकसित होगा-प्रतिमा बागरी
नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने नागौद के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में कभी रेल लाइन की कल्पना नहीं की गई थी। ऐसे क्षेत्रों को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में रेल कनेक्टविटी से जोडा जा रहा है। उन्होंने कहा कि रैगांव विधानसभा क्षेत्र से रेल की पटरियों पर नई रेल के संचालन से क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार देश के नागरिकों के सपनों को साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि पन्ना जिले में हीरा और सिंगरौली जिले में कोयला दोनों ही महत्वपूर्ण अयस्क है। पन्ना जिले को सिंगरौली जिले तक रेल कनेक्टविटी मिलने से यह क्षेत्र औद्योगिक कारीडोर के रूप में विकसित होगा।
रेल लाइन एक कनेक्टविटी नहीं क्षेत्र के विकास को गति देने की पहल है-सांसद बीडी शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद खजुराहो श्री बीडी शर्मा ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक और अत्यंत महत्वपूर्ण है जब विंध्य क्षेत्र और बुन्देल खण्ड क्षेत्र एक-दूसरे से रेल सेवा के माध्यम से जुड रहे है। उन्होंने कहा कि यह रेल लाइन एक कनेक्टविटी नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास को गति देने की महत्वपूर्ण पहल है। आने वाले समय में खजुराहो, पन्ना, सतना, सीधी, सिंगरौली सभी रेल लाइन के माध्यम से जुडेंगे। यहां भी हाई स्पीड ट्रेन और वंदे भारत की सुविधा मिल सकेगी।
ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन क्षेत्र के लोगों के लिए जीवन रेखा साबित होगी-सांसद सतना गणेश सिंह
सतना सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन को रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने भारतीय रेल के विस्तार को गति देकर उसे धरातल पर उतारने का कार्य किया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक दिवस और महत्वपूर्ण क्षणों के लिए प्रधानमंत्री, रेल मंत्री, मुख्यमंत्री को धन्यवाद और आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि आजादी के 80 वर्षो के बाद विंध्य और बुन्देलखण्ड क्षेत्र आपस में रेल के माध्यम से जुड रहे है। उन्होंने कहा कि जनवरी 2018 में इस रेल लाइन का शिलान्यास नागौद में ही किया गया था। ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन चालू होने के बाद यह क्षेत्र की जीवन रेखा साबित होगी। उन्होंने रेल मंत्री से सतना को विश्व स्तरीय स्टेशन देने की सौगात प्रदान करने के लिए कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कहा कि कैमा स्टेशन को टर्मिनल और अनुरक्षण की सुविधा भी मिलनी चाहिए। सांसद ने क्षेत्र में रेल्वे का कारखाना खोलने, मेमो कार के अनुरक्षण की सुविधा का शैड बनाने, सतना में डीआरएम का कार्यालय खोलने, रीवा-सतना से बांदा-कानपुर, दिल्ली के लिए वंदे भारत की सुविधा प्रदान करने सहित नागौद रेल्वे स्टेशन का नाम खैरूआ धाम और मझगवां स्टेशन का नाम चित्रकूट धाम के नाम पर किये जाने की मांग रखी। विधायक नागौद नागेन्द्र सिंह ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन है जब नागौद देश की सबसे बडी संस्था और विश्व की तीसरी बडी संस्था भारतीय रेल जैसी महान संस्था से जुड रहा है। कार्यक्रम को सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्रा, सांसद रीवा जनार्दन मिश्रा ने भी वर्चुअली रूप से संबोधित किया।
