समीक्षा बैठक की तैयारियों को लेकर खाद्य मंत्री श्री सिंह ने अधिकारियों से की चर्चा

( भोपाल )

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के रोडमेप के संबंध में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रस्तावित समीक्षा बैठक की पूर्व तैयारियों के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। बैठक में प्रमुख सचिव खाद्य श्री फैज अहमद किदवई ने आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के संबंध में विभागीय गतिविधियों से उन्हें बिन्दुवार अवगत कराया। श्री किदवई ने आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश रोड मेप के संबंध में खाद्य विभाग के विभागीय क्रियान्वयन के अलावा विभाग द्वारा क्रियान्वित किये जा सकने वाले नवाचारों के संबंध में अवगत कराया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में मितव्ययिता बरतने एवं विभागीय कार्यकलापों से शासन को प्राप्त होने वाले राजस्व प्राप्ति में वृद्धि के लिए सुझावों पर भी चर्चा की।

संचालक खाद्य एवं प्रबंध संचालक वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन श्री तरूण पिथोडे़ ने गुणवत्तापूर्ण उपार्जन के लिए क्वालिटी विंग बनाए जाने पर विभागीय प्रस्ताव से अवगत कराया। प्रबंध संचालक नागरिक आपूर्ति निगम श्री अभिजीत अग्रवाल ने राजस्व वृद्धि की दिशा में निगम द्वारा प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी।

बैठक में खाद्य मंत्री श्री सिंह के अलावा प्रमुख सचिव खाद्य श्री फैज अहमद किदवई, संचालक खाद्य एवं प्रबंध संचालक वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन श्री तरूण पिथोड़े, प्रबंध संचालक नागरिक आपूर्ति निगम अभिजीत अग्रवाल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें