ब्रेकिंग न्यूज़ : विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने दी एसीसी प्लांट हेड को चेतावनी
क्षेत्रीय शिक्षित बेरोजगारों को एसीसी अमेहटा प्लांट में देना होगा रोजगार
( कैमोर ) विजयराघवगढ़ के लोकप्रिय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने ग्राम पंचायत अमेहटा में उद्घाटन एवं लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मंच से एसीसी प्लांट हेड को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि मेरे क्षेत्र के शिक्षित युवा बेरोजगारों को एसीसी द्वारा प्रारंभ किए जा रहे अमेहटा प्लांट में स्थानीय लोगों को रोजगार देना ही होगा नहीं तो मैं आवश्यकता पड़ने पर अपने क्षेत्र के लोगों के साथ खड़ा रहूंगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्रीय युवा शिक्षित बेरोजगारों के मामले में आप संजय पाठक को नए साल में नए रूप में देखेंगे।

क्षेत्रीय विधायक की इस घोषणा से जहां युवा शिक्षित बेरोजगारों में हर्ष व्याप्त है, वही सभी को पूर्ण रूप से भरोसा है कि विधायक जी के आश्वासन के बाद अब उन्हें एसीसी अमेहटा प्लांट में नौकरी उपलब्ध हो सकेगी। अब देखना यह है कि एसीसी प्रबंधन माननीय विधायक जी की मंशा अनुसार क्षेत्रीय बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराता है या पूर्व की भांति अधिकारियों की मिलीभगत से क्षेत्र के युवाओं को केवल लालीपॉप देकर संतुष्ट करने का प्रयास करता है। इस बार क्षेत्र के युवाओं को पूरा भरोसा है कि क्षेत्रीय विधायक जो कहते हैं वही करते हैं इसलिए निश्चित तौर पर सभी युवाओं की नजर विधायक श्री पाठक जी की ओर टिकी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एसीसी क्षेत्रीय संसाधनों का उपयोग करती है एवं स्थानीय लोग कंपनी के द्वारा होने वाले प्रदूषण के कारण विभिन्न घातक बीमारियों के शिकार हो रहे हैं, ऐसे में कंपनी की जवाबदारी है कि स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता दिया जाना चाहिए। इन्हीं बातों के मद्देनजर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय शिवराज सिंह चौहान ने स्थानीय लोगों को 70% रोजगार देने की घोषणा भी की है।

