अच्छे परिणामों के लिये आगे बढ़कर स्वयं सार्थक कदम उठायें – कलेक्टर
जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां आस पास के शिक्षकों को करें लिंक
शासकीय स्कूलों के प्राचार्यो की बैठक आयोजित
कटनी – शैक्षणिक सत्र 2020-21 में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार एवं परीक्षा में वृद्धि के लिये लक्ष्य निर्धारण के संबंध में जिले के समस्त शासकीय हाई स्कूलों एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक बुधवार को आयोजित हुई। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटनी के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने स्कूलों के विगत परीक्षा परिणामों का रिव्यू किया। जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों की उन्होने सराहना की, वहीं उन स्कूलों में जहां के परीक्षा परिणाम अच्छे नहीं थे, वहां के प्राचार्यों तथा संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों से कारण पूछा और इस वर्ष बेहतर परीक्षा परिणाम के लिये मेहनत करने के निर्देश दिये।
रिव्यू मीटिंग में जिला शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों की सहूलियत के लिये तैयार किये गये प्रश्न पत्र के सैट्स का विमोचन भी कलेक्टर ने किया। इस दौरान श्री मिश्रा ने प्राचार्यों को संबोधित करते हुये कहा कि व्यवहारिक होकर कार्य करें। अच्छे परिणाम के लिये आपको आगे बढ़कर स्वयं सार्थक कदम उठाकर कार्य करने होंगे। बिना दृढ़ इच्छा शक्ति और संकल्प के आप परिणामों में सुधार नहीं ला सकते।


