बिना मास्क के मेले में प्रवेश निषेध
( खरगौन )
जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समुह समिति की बैठक संपन्न
मंगलवार को स्वामी विवेकानंद सभागृह में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संकट प्रंबधन समुह की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी सदस्यों ने महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना के संक्रमण की चिंता व्यक्त करते हुए जिले में सतर्क रहने के प्राथमिक उपचार करने पर निर्णय लिया है। समिति के सदस्य ने स्थानीय नवगृह मेले में आने वाले नागरिकों को लेकर भी चिंता व्यक्त की। बैठक में निर्णय लिया गया कि नवगृह मेले में अब बिना मास्क के प्रवेश करना निषेध कर दिया गया है। प्रवेश मार्ग पर ही अब जांच की जाएगी। बिना मास्क के पाए जाने पर नगर पालिका द्वारा 50 रूपए का जुर्माना कर मास्क प्रदान किया जाएगा। वहीं नगर पालिका की टीम निरंतर मेले के दौरान उपस्थित रहेगी और अंदर भी सतत् जांच करेगी। मेले में दुकानदारों का भी कोरोना टेस्ट निरंतर जारी रहेगा और बिना मास्क के पाए जाने पर 100 रूपए का अर्थदंड किया जाएगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री शैलेंद्रसिंह चौहान, जिला पंचायत सीईओ श्री गौरव बेनल, अपर कलेक्टर बीएस सोलंकी सहित अन्य अधिकारी व समिति सदस्य उपस्थित रहे।
महाराष्ट्र से आने वाले मार्ग पर होगी जांच
कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा ने भीकनगांव व खरगोन एसडीएम के अलावा सीएमएचओ को निर्देश दिए कि महाराष्ट्र से आने वाले सभी मार्गों पर कोरोना की जांच प्रारंभ कर दी जाएं। साथ ही यहां ऐसे स्थलों पर पूर्व की तरह नियमित कर्मचारी द्वारा लगातार टेस्टिंग जारी रखें। बैठक में श्रीकृष्ण टॉकीज में फिर से टेस्टिंग सेंटर प्रारंभ करने के निर्देश दिए। वहीं मेला स्थल पर पशु मेले में आने वाले व्यापारियों का भी टेस्ट अनिवार्य रूप से किया जाएं। मेले में दुकानदारों का टेस्ट भी प्रति सप्ताह करें। शासन द्वारा अभी विभिन्न आयोजनों को लेकर गाईडलाईन नहीं आई है, लेकिन पूर्व की भांति धारा-144 लागू है तथा कार्यक्रमों को लेकर अनुमति लेना होगा।

