सहायक संचालक कृषि की चयन ऑनलाइन परीक्षा 28 फरवरी को
( सतना )
म.प्र. लोक सेवा आयोग इंदौर द्वारा 28 फरवरी रविवार को सहायक संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास (क्षेत्र एवं विस्तार) परीक्षा-2019 का आयोजन ऑनलाइन पद्धति से किया जा रहा है। सतना जिले में एक परीक्षा केंद्र के 2 सर्वर पर एक सत्र में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक ऑनलाइन परीक्षा आयोजित होगी।
अपर कलेक्टर सुश्री विमलेश सिंह ने शनिवार को परीक्षा केंद्र के लिए नियुक्त केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष एवं वीक्षकों की कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ब्रीफिंग बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रविवार को हो रही सहायक संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास परीक्षा पूर्ण शुचितापूर्ण ढंग से लोक सेवा आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए संपन्न कराएं। इस मौके पर संयुक्त कलेक्टर साधना परस्ते भी उपस्थित रहीं। जिले में परीक्षा केंद्र आदित्य कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस 95, शेरगंज महादेवा रोड सतना बनाया गया है। जहां 2 सर्वरों पर परीक्षा के लिए एक-एक केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्ष, तकनीकी सलाहकार सहित 6-6 वीक्षक तैनात किए गए हैं। आयोग के निर्देशानुसार फ्रीस्ंिकग के लिये एक महिला और एक पुरूष सहित 2 अतिरिक्त वीक्षक तैनात किये गये हैं।
परीक्षा के लिए कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने एसडीएम सिटी राजेश शाही के नेतृत्व में अधीक्षक कलेक्ट्रेट राजेंद्र खरे को शामिल कर उड़नदस्ता दल भी गठित किया गया है। जिला स्तर पर कक्ष क्रमांक-17 कलेक्ट्रेट में रविवार को प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक कार्यशील कंट्रोल रूम भी बनाया है। जिसकी प्रभारी अधिकारी संयुक्त कलेक्टर साधना परस्ते होंगी। लोक सेवा आयोग ने सतना जिले के लिए अनुभाग अधिकारी लेखा नसीर बेग को पर्यवेक्षक का कार्य सौंपा है।

