तय समय से पहले पूरी हुई बरही जल-प्रदाय परियोजना

( भोपाल )

बरही कस्बे के अमर नाथ पटेल और उनके परिवार की आंखों में आज खुशियों का पानी है क्योकि उनके घर में आसानी से पानी पहुँचाने वाला नल लग गया है। जल ही जीवन है, पानी के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज चौहान जल की जरूरत को भली-भांति जानते हैं। यही कारण है कि मध्यप्रदेश शासन हर घर नल के माध्यम से जल पहुँचाने के लिए दृढ़-संकल्पित हैं। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड की जबलपुर परियोजना इकाई के कटनी जिले के बरही नगर परिषद् की जल-प्रदाय योजना का काम तय समय से पहले ही पूरा कर लिया गया। यह योजना जून 2019 में पूरी करने का लक्ष्य था, लेकिन इसे अक्टूबर 2018 में ही पूरा कर दिया गया।

लगभग 16 हजार आबादी और 3114 परिवार वाले बरही कस्बे के बाशिंदों को पहले पानी के लिए घर से दूर जाना पड़ता था। अब इन्हें घर पर ही नल से जल मिलने लगा है।

नागरिकों के जल संकट को दूर करने के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से बरही जल-प्रदाय योजना का काम वर्ष 2017 से प्रारंभ किया गया। 10 वर्षों के संचालन एवं संधारण के साथ इस काम की कुल लागत लगभग 35 करोड़ रूपए है। बरही में जल-प्रदाय के लिए 66 किलोमीटर लंबी वितरण पाइप लाइन एवं 12 किलोमीटर लंबी मुख्य पाइप लाइन बिछाई गई है। पानी की शुद्धि के लिए वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाया गया है। ओवर हैड टैंक में महानदी से पानी लिया जाकर कस्बे में सप्लाई किया जाता है।

कस्बे के रहवासी नल कनेक्शन लेने के लिए बेहद उत्साहित हैं। यही वजह है कि अब तक दो हजार से अधिक घरों में नल कनेक्शन हो चुके हैं। मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी की जबलपुर इकाई द्वारा यहाँ लोगों को नल के लिए प्रेरित करने के लिए महिला प्रेरकों का चिन्हांकन भी कर लिया गया है। महिला प्रेरक स्वच्छ जल की महत्ता बताने घर- घर पहुँच रही हैं। नल कनेक्शन करने की तकनीकी जानकारी भी इकाई द्वारा प्रशिक्षण के माध्यम से निकाय की महिलाओं को दी गई है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें