कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया मुख्य बाजार का विजिट
रोको-टोको अभियान के तहत मास्क का उपयोग करने नागरिकों को दी समझाईश
व्यवसायिक प्रतिष्ठानों व दुकानदारों को भी कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के दिये निर्देश
कटनी – रविवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी रोको टोको अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के मुख्य बाजार के विजिट पर निकले। इस दौरान उन्होने नागरिकों को मास्क या फेसकवर का उपयोग अनिवार्य रुप से करने की समझाईश दी। साथ ही दुकानदारों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को भी निर्देशित किया कि वे कोविड-19 के लिये जारी किये गये निर्धारित प्रोटोकॉल्स का पालन करें।
अपने निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील करते हुये कहा कि कोरोना का प्रकोप फिर से बढ़ रहा है। इससे बचाव के लिये जरुरी है कि हम मास्क लगायें, दो गज की दूरी का पालन करें। श्री मिश्रा ने कहा कि किसी को दिखाने के लिये नहीं, स्वयं की सुरक्षा के लिये मास्क जरुर लगायें। साथ ही कलेक्टर ने कहा कि सुरक्षित होली मनायें और अपने परिवार के साथ ही होली मनायें।

पुलिस अधीक्षक श्री अवस्थी ने भी जिलेवासियों से मेरा परिवार-मेरी होली की तर्ज पर अपने परिवार के साथ ही होली का त्यौहार मनाने की अपील की। ताकि हम सभी कोरोना के संक्रमण काल में सुरक्षित रह सकें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने बिना मास्क लगाये सार्वजनिक स्थलों में निकलने वालों पर चालानी कार्यवाही करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये हैं। उन्होने नागरिकों से भी कोविड-19 के तहत प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और इस अभियान में अपना सक्रिय योगदान देने की बात भी कही।
इस दौरान विजिट में नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र धाकरे, एसडीएम बलबीर रमन, सीएसपी शशिकांत शुक्ला भी मौजूद रहे।

