रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने आज 13 हजार से अधिक लोगों को दी गई नि:शुल्क औषधियाँ
शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के प्रधानाचार्य डॉ. एल.एल. अहिरवाल के मार्गदर्शन में गुरूवार को शहर के विभिन्न स्थानों में 13 हजार 267 व्यक्तियों को आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाइयाँ नि:शुल्क प्रदान की गई।
कोरोना वायरस के विरूद्ध मानव शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास के लिए दी जा रही नि:शुल्क आयुर्वेदिक औषधियों में त्रिकुट चूर्ण, संशमनी बटी तथा होम्योपैथिक दवाइयों में आरसेनिक एल्बम-30 का नि:शुल्क वितरण किया जा रहा है। प्रधानाचार्य डॉ. अहिरवाल ने बताया कि दवाइयों के वितरण के लिए गठित 13 टीमें घर-घर, मोहल्ले-मोहल्ले जाकर दवाइयों का नि:शुल्क वितरण कर रही हैं। गठित दलों ने आज शहर के शहीद गुलाब सिंह वार्ड, लोधी मोहल्ला गोरखपुर, शिवाजीनगर, छापर रामपुर, बंशकार मोहल्ला घमापुर, बाई का बगीचा, बेनी सिंह की तलैया गोहलपुर, उमरिया बिलहरी, गुजराती बस्ती मेडिकल, सीताराम डेयरी न्यू कंचनपुर, बर्न कंपनी सदर, भवानी प्रसाद वार्ड, अम्बेड़कर नगर ग्वारीघाट, इन्द्रानगर एकल चौक रांझी और लोक निर्माण विभाग में औषधियाँ वितरित की गई।
