जिला उद्योग संगठन ने भेंट किये चैकपोस्ट नाके पर तैनात कर्मियों को सुरक्षा की सामग्री

कटनी  कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिये कटनी जिले में प्रशासन और पुलिस, स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लॉकडाउन अवधि में चौबीसों घंटे कार्यशील रहने के दौरान उनकी सुरक्षा, सम्मान और मदद के लिये विभिन्न संगठन आगे आ रहे हैं। जिला उद्योग संगठन कटनी ने कटनी जिले के विभिन्न प्रवेश द्वार पर स्थित चैकपोस्ट नाकों पर तैनात पुलिस और स्वास्थ्य टीमों की स्वास्थ्य सुरक्षा की चिंता करते हुये कोरोना संक्रमण से बचाव की सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराई है।

            जिला उद्योग संगठन के प्रतिनिधियों ने सोमवार को कलेक्टर शशिभूषण सिंह सेे भेंटकर कटनी जिले को कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त रखने प्रशासन, पुलिस और नगरीय प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों की जीतोड़ मेहनत और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होने इस मौके पर कटनी जिले की प्रवेश सीमा में चैकपोस्ट नाकों पर तैनात पुलिस और स्वास्थ्य टीम के कर्मचारियों की सुरक्षा के लिये 4 थर्मल स्कैनर, कर्मचारियों के लिये 30 पीपीई किट, 200 जोड़ी दस्ताने, 200 मास्क और 5-5 लीटर के 4 सैनीटाईजर कैन शहर में प्रवेश करने वाले मार्गों पर स्थापित 4 नाकों पर तैनात कर्मचारियों के लिये कलेक्टर को भेंट किये हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने उद्योग प्रतिनिधियों को बताया कि पड़ोसी जिले में बढ़ रही कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या के दृष्टिगत कटनी जिले में भी अब और भी अधिक सतर्कता और सावधानी की जरुरत है। कटनी जिले में कोई भी संक्रमित व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सके, इसके लिये जिले में 14 पुलिस नाके मुख्य मार्गों पर स्थापित किये गये हैं। जहां मेडिकल और पुलिस की टीमें 24 घंटे उपस्थित रहकर बाहर से आने वाले व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच और स्क्रीनिंग कर रहे हैं। वाहनों को भी सैनीटाईज्ड करने की व्यवस्था नाकों पर की गई है। जिला उद्योग संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि फिलहाल 4 नाकों पर तैनात कर्मियों के लिये यह बचाव सुरक्षा सामग्री उपलब्ध की गई है। शेष 10 नाकों के लिये 10 थर्मल स्कैनर एवं अन्य सुरक्षा किट सामग्री संगठन द्वारा शीध्र उपलब्ध कराई जायेगी। इस मौके पर जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक अजय श्रीवास्तव व जिला उद्योग संगठन के अध्यक्ष मनीष गेई, प्रदेश संगठन के उपाध्यक्ष सुधीर मिश्रा, आशीष पाण्डे, प्रेम बत्रा, प्रबुद्ध पुरवार, संजय संकटानी, रौनक खण्डेलवाल भी उपस्थित थे।

       

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें