कटनी शहर में 3 मई तक रहेगा टोटल लॉकडाउन
कटनी :
वंशस्वरुप वार्ड, भट्टा मोहल्ला कन्टेन्टमेन्ट एरिया घोषित, जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न
जबलपुर के सिहोरा निवासी एक महिला के जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान जांच सैम्पल पॉजीटिव पाये जाने पर कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के संबंध में एमएचए की गाईडलाईन और प्रोटोकॉल तथा एसओपी के पालन के लिये जिले में सभी आवश्यक उचित प्रबंध किये गये हैं। नगर निगम क्षेत्र कटनी शहर 3 मई तक टोटल लॉकडाउन रहेगा। इसके अलावा पॉजीटिव केस के हाल मुकाम क्षेत्र भट्टा मोहल्ला, वंशस्वरुप वार्ड को कन्टेन्टमेट जोन घोषित कर विशेष प्रतिबंधात्मक उपाय किये गये हैं। इस आशय की जानकारी कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी शशिभूषण सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को सम्पन्न जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में दी गई। इस मौके पर विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक, प्रणय प्रभात पाण्डे, पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार, अपर कलेक्टर साकेत मालवीय, आयुक्त नगर निगम आर.पी. सिंह, सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, रामरतन पायल, मिथलेश जैन, गुमान सिंह, पीताम्बर टोपनानी, पद्मेश गौतम, आशीष कन्देले भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल से 27 अप्रैल को भेजे गये कोरोना वायरस संदिग्ध के 8 सैम्पल में 7 व्यक्तियों की निगेटिव और एक 42 वर्षीय महिला की रिपोर्ट 29 अप्रैल को पॉजीटिव प्राप्त हुई है। जबलपुर-सिहोरा की रहने वाली महिला एनीमिया के इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती हुई थी। जिस वार्ड में महिला भर्ती थी, उसके साथ 7 अन्य मरीजों का भी सैम्पल भेजा गया, जो निगेटिव निकला है। महिला की रिपोर्ट पॉजीटिव प्राप्त होते ही कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के दिशा-निर्देश, प्रोटोकॉल और एसओपी के तहत सभी कार्यवाहियां तत्काल प्रभाव से प्रारंभ कर दी गई है। महिला के हाल मुकाम, गढ़ाटोला को इपी सेन्टर और पूरे वंशस्वरुप और सीमावर्ती वार्ड को कन्टेन्टमेन्ट जोन बनाकर सैनीटाईजेशन और अन्य आवश्यक व्यवस्थायें की गई है। महिला के निकट संबंधी और संपर्क में आने वाले व्यक्तियों तथा इलाज करने वाले चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ सहित 60 लोगों को कोरोन्टाईन कर निगरानी की जा रही है।
पूरे कन्टेन्टमेन्ट क्षेत्र में 7 हजार 809 मकानों को शामिल कर लॉक किया गया है। मेडिकल सर्विलान्स की टीम घर-घर जाकर क्षेत्र के सभी लोगों की स्क्रीनिंग और सर्विलान्स कर रही है। किसी भी व्यक्ति में जरा भी लक्षण पाये जाने पर संस्थागत कोरोन्टाईन किया जायेगा। वार्ड के अन्य 7 निगेटिव रिपोर्ट प्राप्त मरीजों को भी आईसोलेशन में रखा गया है। सम्पूर्ण कटनी नगरीय क्षेत्र में 3 मई तक कम्पलीट लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जायेगा। कन्टेन्टमेन्ट एरिया में सीसीटीवी के माध्यम से पूरे वार्ड की निगरानी होगी। कन्टेन्टमेन्ट एरिया में किसी भी प्रकार की आवाजाही निषिद्ध रहेगी। महिला के द्वितीय सम्पर्कियों के रिपोर्ट के आधार पर व्यवस्थायें और भी सख्त की जा सकती हैं।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि पॉजीटिव पाई गई महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज जबलपुर भेजा गया है। वहां उसकी स्थिति बेहतर बताई जा रही है। स्वास्थ्य में सुधार परिलक्षित हुआ है। कलेक्टर श्री सिंह ने अब तक कटनी जिले को ग्रीन जोन श्रेणी वाले जिले में बनाये रखने सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी और आम नागरिकों के प्रयास और सहयोग के प्रति आभार भी व्यक्त किया है। जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक् में आगामी 3 मई के बाद लॉकडाउन की स्थिति के संबंध में विचार विमर्श किया जाकर सुझाव भी लिये गये।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि लॉकडाउन की अवधि में अब तक विभिन्न संस्थाओं एवं समाजसेवियों द्वारा 2 लाख 70 हजार फूड पैकेट वितरित किये गये हैं। प्रतिदिन 18 हजार 533 फूड पैकेट बांटे जा रहे हैं। सामाजिक व्यक्तियों द्वारा 708 क्विंटल खाद्यान्न और कच्चा भोजन सामग्री वितरित की गई है। शासन द्वारा 4 श्रेणियों में खाद्यान्न भी वितरित कराया गया है, जिसमें 3 माह का पीडीएस खाद्यान्न 13773 मीट्रिक टन, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना का 9287 मीट्रिक टन और 25 श्रेणियों के बिना पर्ची पाले पात्र परिवारों को 180 मीट्रिक टन तथा जिला आपदा प्रबंधन का 200 क्विंटल चावल शामिल है।
कलेक्टर शशिभूषण सिंह और पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने जिलेवासियों से अपील की है कि लॉकडाउन की अवधि में सभी अपने घरों में रहें, शासन के निर्देशों और बचाव की सावधानियों का सख्ती से पालन करें।

