मंजीत यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपित समेत चार अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
(अयोध्या) मंजीत यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपित समेत चार अभियुक्तों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। मामले में अभी भी दस आरोपितों की तलाश है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, कारतूस व स्कार्पियो कार बरामद की है। पुलिस लाइन सभागासर में आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार को सुबह साढ़े सात बजे के करीब देवकाली ओवरब्रिज से अयोध्या निवासी मुख्य आरोपित दिवाकर सिंह, सुधाकर सिंह, महाराजगंज निवासी उपेन्द्र सिंह और सुलतानपुर निवासी रितेश सिंह उर्फ रितिक सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से कारतूस से लोड एक पिस्टल व घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन बरामद हुआ है।
एसएसपी ने बताया कि, देवकाली पर रेस्टोरेंट चलाने वाला शनि बुधवार को अपने कर्मी को कोरखाना नील गोदाम में उसके घर छोड़कर लौट रहा था। तभी रास्ते मे वाहन खड़े रहने के कारण उसका विवाद हो गया। वह होटल गया और वहां से अन्य आरोपियों के साथ आकर फायरिंग शुरू कर दी थी, जिसमें मंजीत यादव की गोली लगने से मौत हो गई थी। जबकि दो बच्चियां घायल हो गई थीं। बच्चियों का इलाज लखनऊ ट्रामा सेंटर में चल रहा है। एसएसपी ने बताया कि इस मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि दस अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

