सीपीसी की बैठक में शी जिनफिंग के तीसरी बार राष्ट्रपति बनने पर लगी मुहर
एक बयान में जिनफिंग के कार्यकाल की प्रशंसा की गई और कहा गया है कि वह दूसरे कार्यकाल के पूरा होने के बाद तीसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में बने रहेंगे। वर्ष 2018 में किए संविधान संशोधन के बाद यह भी हो सकता है कि वह जीवनपर्यंत इस पद पर बने रहें क्योंकि इसके जरिये राष्ट्रपति के कार्यकाल की सीमा हटा दी गई है। 68 वर्षीय चिनफिंग पूर्व उप प्रधानमंत्री शी झोंगसुन के बेटे हैं, इसलिए उन्हें राजकुमार भी कहा जाता है। उनके पूर्ववर्ती हू जिंताओं दो कार्यकाल के बाद सेवानिवृत्त हो गए थे। प्रारंभ में जिनफिंग की छवि शांत नेता की थी, लेकिन वर्ष 2012 में पार्टी की कमान संभालने के बाद उन्होंने खुद को अति महत्वाकांक्षी व ताकतवर नेता के रूप में साबित किया। इसके तत्काल बाद वह राष्ट्रपति बने और सेंट्रल मिलिट्री कमीशन (सीएमसी) के चेयरमैन चुने जाने के बाद चीनी सेना के सर्वोच्च कमांडर बन गए।
