पुलिसिंग के साथ ही अब विकास कार्य व सेवा भी बन रही पुलिस की पहचान-सांसद वीडी शर्मा
सांसद खजुराहो ने झिंझरी पुलिस चौकी व सिलौड़ी चौकी के नवीन भवन का किया लोकार्पण
(कटनी) – पुलिस को लेकर आमजनता की धारणा में अब बदलाव देखने को मिल रहा है। पुलिस पुलिसिंग के साथ ही अब विकास कार्य करा रही है तो कोविड जैसे संकट के समय पुलिस का सेवा का चेहरा भी आमजन के सामने आया है। पुलिस के कार्य क्षेत्र में काफी परिवर्तन हुए हैं। यह बात माधवनगर थाना क्षेत्र के झिंझरी पुलिस चौकी व सिलौड़ी चौकी के नवीन भवन के लोकार्पण समारोह के दौरान अतिथि सांसद खजुराहो व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कही। सांसद श्री शर्मा ने चौकी की बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने का भी आश्वासन दिया। अतिथि मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि सरकार पुलिस विभाग को लगातार सुविधाएं प्रदान कर रही है और अच्छी कार्यप्रणाली के साथ काम करें। इससे पहले सांसद श्री शर्मा ने पूजन कर व फीता काटकर झिंझरी चौकी के नवीन भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल से ही ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र की सिलौड़ी चौकी के नवीन भवन का भी लोकार्पण अतिथियों ने किया। इस दौरान पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, जिला पंचायत प्रधान ममता पटेल, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन, एएसपी मनोज केडिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि व पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

