स्लीमनाबाद टनल हादसे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने मौके पर डटे रहे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी

आधी रात दो और मजदूरों को निकाला बाहर

सात मजदूर सकुशलदो को चिकित्सकों ने जांच के बाद किया मृत घोषित

(कटनी)  स्लीमनाबाद के पास बरगी व्यपवर्तन परियोजना अंतर्गत निर्माणाधीन अंडरग्राउंड टनल के डाउनस्ट्रीम कार्य में मशीन के कटर हेड रिपेयर के लिए बनाए जा रहे ओपन शॉफ्ट निर्माण में मिट्टी धंसने से अंदर फंसे 9 मजदूरों कोे सुरक्षित बाहर निकालने जिला प्रशासन ने लगभग 29 घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और टीम की कड़ी मेहनत का नतीजा रहा कि 14 घंटे के अंदर मलबे में दबे 7 मजदूरों को सकुशल बाहर निकाला गया। मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी की हालत बेहतर है। रविवार की देर रात तक चले रेस्क्यू में टीम ने दो अन्य मजदूर गोरेलाल कोल निवासी बड़कुल थाना चितरंगी और सुपरवाइजर रवि मसालकर निवासी नागपुर को बाहर निकाला। मौके पर मौजूद चिकित्सकों की टीम ने बाहर निकाले गए दोनों मजदूरों की जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

            12 फरवरी की शाम 7.30 बजे से 8 बजे के बीच हादसा हुआ था, जिसमें 9 मजदूरों के दबे होने की जानकारी लगी। घटना की सूचना नर्मदा घाटी विभाग द्वारा जिला प्रशासन व पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन सहित जिले के अन्य प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। टनल निर्माण के कार्यरत कंपनी ने रेस्क्यू प्रारंभ किया और रात्रि 8.30 बजे तीन मजदूर मौनीदास कोल, दीपक कोल व नर्मदा कोल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। घटना की जानकारी लगते ही बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडेय भी मौके पर पहुंचे और रात से लेकर दूसरे दिन तक पूरे समय घटना स्थल पर मौजूद रहे।

            जिला प्रशासन की सूचना पर मौके पर पहुंची एसडीईआरएफ की टीम ने रात 10 बजे पहुंचकर रेस्क्यू प्रारंभ किया और रात 2.20 बजे इंद्रमणी कोल को सुरक्षित बाहर निकाला। लगभग आधे घंटे के अंतराल के बाद टीम ने विजय कोल नामक युवक को भी सकुशल बाहर निकाला और मजदूर को जिला अस्पताल भेजा गया। लगातार रेस्क्यू का कार्य जारी रहा और रविवार की दोपहर नीचे के हिस्से में दबे मजदूर मोती लाल कोल व नंदकुमार यादव को भी टीम ने सकुशल बाहर निकाल लिया। इस बीच एनडीआरएफ की टीम भी सहयोग करने मौके पर पहुंच गई।

आधी रात दो मजदूर निकाले गए बाहर

            घटना में दो मजदूर गोरेलाल कोल व सुपरवाइजर रवि मसालकर एकदम नीचे फंसे हुए थे। दोनों को बाहर निकालने रविवार की दोपहर से रेस्क्यू प्रारंभ किया गया। जिसमें पहले चारों ओर से मशीनों के माध्यम से मिट्टी व मलबा हटाया गया और उसके बाद टीम ने मशक्कत करते हुए रात 12 बजे के लगभग दोनों मजदूरों को बाहर निकाल लिया, हालांकि दोनों की जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ जगदीश चंद्र गोमे, एडीएम रोमानुस टोप्पो, एएसपी मनोज केडिया,एसडीएम संघमित्रा गौतम सहित अन्य प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें