22 जिलों में प्रधानमंत्री नेशनल एप्रेन्टिशिप मेले, 2288 अभ्यर्थियों का चयन
(भोपाल) मध्यप्रदेश में कौशल विकास संचालनालय द्वारा शुक्रवार को 22 जिलों के आईआईटी संस्थानों में प्रधानमंत्री नेशनल एप्रेन्टिशिप मेले लगाये गये। इन मेलों में विभिन्न उद्यमों एवं कम्पनियों द्वारा 2288 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
ये मेले बैतूल, भोपाल, हरदा, नर्मदापुरम, मण्डीदीप, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, भिण्ड, दतिया, अशोकनगर, गुना, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सागर, टीकमगढ़ एवं ओरछा में आयोजित किये गये। मेलों में आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग उत्तीर्ण और कौशल प्रमाण-पत्र धारक युवक-युवतियों ने भाग लिया। सफल अभ्यर्थियों को एप्रेन्टिशिप एक्ट-1961 के अनुसार मानदेय एवं अन्य सुविधाएँ मिलेंगी। मेलों में देश एवं प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित उद्यमों एवं कम्पनियों ने अभ्यर्थियों का चयन किया।
