कलेक्टर अवि प्रसाद ने किया जिला स्तरीय अंतर शालेय विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ
बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा को कलेक्टर ने सराहा
(कटनी)- छात्रों की विज्ञान के प्रति रूचि बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षा शोध समिति द्वारा दिगम्बर जैन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में दो दिवसीय जिला स्तरीय अंतर शालेय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। शनिवार को कलेक्टर अवि प्रसाद ने फीता काटकर विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान कलेक्टर ने छात्रों का उत्साह बढ़ाया और बाल वैज्ञानिकों के मॉडलों का भी अवलोकन किया। विज्ञान प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर अतिथि के रूप में डीईओ पीपी सिंह, रेंजर गौरव सक्सेना, गौतमी राय मौजूद थीं। अतिथियों ने मां सरस्वती का पूजन कर विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
छात्रों को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री प्रसाद ने बचपन के संस्मरण सुनाए और कहा कि विज्ञान का कोई अंत नहीं है। जब तक जिज्ञासा है तब तक विज्ञान के नए प्रयोग सामने आते रहेंगे। उन्होंने कहा कि परिवार के बाद बच्चों का दूसरा परिवार स्कूल होता है और शिक्षक छात्रों को प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित करें। विज्ञान में रूचि बढ़ाने के लिए छात्रों में जिज्ञासा बढ़ाने कलेक्टर ने शिक्षकों को प्रेरित किया।
कलेक्टर श्री प्रसाद सहित अतिथियों ने परिसर में लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में 25 स्कूलों के 118 विज्ञान मॉडल व पोस्टर शामिल हुए हैं। कलेक्टर ने छात्रों के बनाए गए मॉडलों का अवलोकन करने के साथ उनके कार्य करने के संबंध में छात्रों से जानकारी ली। कलेक्टर ने छात्रों के मॉडलों के अवलोकन के दौरान छात्रों को प्रोत्साहित किया और उन्हें शाबाशी दी।

