दिव्यांग सुदामा को लैपटॉप मिलने से आई.ए.एस बनने के सपनों को लगे पंख, हौसलों को मिली उड़ान

कलेक्टर श्री प्रसाद ने दृष्टिबाधित दिव्यांग सुदामा चक्रवर्ती को दिया लैपटॉप

(कटनी)- ब्लांइड जूड़ों की राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं मे मेडल जीतकर राष्ट्रीय फलक पर कटनी जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाशाली, दृष्टिबाधित दिव्यांग सुदामा चक्रवर्ती को कलेक्टर अवि प्रसाद ने मंगलवार को लैपटॉप प्रदान किया। लैपटॉप पाकर प्रफुल्लित सुदामा ने कहा कि अब उसे अपने सपनों को साकार करने और हौसलों की उड़ान के लिए पंख लग गये हैं।

            कलेक्टर श्री प्रसाद ने जिले की ढ़ीमरखेड़ा तहसील के आदिवासी बहुल दशरमन गांव की दिव्यांग सुदामा चक्रवर्ती को आगे बढ़ने और भविष्य के अपने सपने को पूरे करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कटनी का नाम रोशन करने वाली बेटी सुदामा की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिले की इस बेटी पर हम सभी को गर्व है। बेटी सुदामा न केवल जिला बल्कि पूरे प्रदेश का मान, सम्मान और गौरव है।

            कलेक्टर श्री प्रसाद ने कहा कि सुदामा बेटी को बी.ए. फाइनल सहित यू.पी.एस.सी. एवं एम.पी.पी.एस.सी. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्टडी मैटेरियल और लैपटॉप की जरूरत थी। इसलिए चुनौतियों के बीच लक्ष्य तक पहुंचने और सुदामा को अपना सपना पूरा करने के लिए पेन ड्राइव में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्टडी मटेरियल और लैपटॉप दिया गया है। साथ ही कलेक्टर श्री प्रसाद ने दिव्यांग सुदामा चक्रवर्ती को अविराम आगे बढ़ने और सफलता के नए शिखर पर पहुंचने की शुभकामनाएं भी दिया।

कलेक्टर को दिया धन्यवाद

दिव्यांग सुदामा चक्रवर्ती ने लैपटाप मुहैया कराने के लिए कलेक्टर श्री प्रसाद को धन्यवाद देते हुए कहा कि मैं लैपटॉप की मदद से बी.ए. फाइनल की पढ़ाई करूंगी और फिर यू.पी.एस.सी. की तैयारी कर आई.ए.एस. ऑफिसर बनूंगी तथा अपने जैसे अन्य दिव्यांग भाई-बहनों को भी आगे बढ़ाउंगी।

श्री प्रसाद ने बनाया मुख्य अतिथि

कलेक्टर अवि प्रसाद को बेटी सुदामा की उपलब्धि व स्थिति की जानकारी मिलने पर उन्होंने दृष्टिबाधित दिव्यांग सुदामा को अपने स्थान पर जिला स्तरीय दिव्यांग बच्चों के सामर्थ्य प्रदर्शन प्रतियोगिता का मुख्य अतिथि बनवाया था। कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश के बाद सुदामा ने फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड में बीते 3 दिसंबर को आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहकर दिव्यांगों की हौसला अफजाई की थी। पहले इस जिला स्तरीय आयोजन के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री प्रसाद थे, उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया था कि दिव्यांग सुदामा को मुख्य अतिथि बनाया जाये।

जहां चाहवहां राह

शासकीय योजनाओं के तहत सुदामा चक्रवर्ती को लैपटॉप की पात्रता नहीं होने पर कलेक्टर श्री प्रसाद ने बैंक ऑफ बड़ौदा की माधवनगर शाखा से होनहार बेटी को लैपटॉप देने का आग्रह किया।

            इस प्रकार जहां चाह, वहां राह की उक्ति फलीभूत हुई और कलेक्टर के प्रयास रंग लाये तथा दिव्यांग सुदामा को शाखा प्रबंधक संतोष सिंह के सौजन्य से लैपटॉप मिल सका। विदित हो कि सुदामा को प्रोत्साहित करने इसी साल अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला प्रशासन ने कटनी जिले की एक दिन की सांकेतिक कलेक्टर पद का दायित्व भी सौंपा था।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें