शासकीय भवन निर्माण में जुटे मजदूरों को कम भुगतान पर कलेक्टर हुए सख्त, कराई गई जांच
मजदूरों को दिलाई गई अंतर की राशि, नियोजक पर लगाया अर्थदंड
कलेक्टर ने कहा शासन द्वारा निर्धारित दर से ही किया जाए भुगतान, अनियमितता मिली तो होगी कार्यवाही
(कटनी)विजयराघवगढ़ आईटीआई समीप शासकीय भवन निर्माण कार्य में नियोजित मजदूरों को शासन द्वारा निर्धारित मजदूरी से कम का भुगतान किए जाने की शिकायत संज्ञान में आते ही कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा श्रम पदाधिकारी को इसकी जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे। जिसके परिपालन में श्रम पदाधिकारी द्वारा जांच कार्यवाही कर मजदूरों को निर्धारित मजदूरी दिलाई गई।
जारी किया गया नोटिस
विजयराघवगढ़ में शासकीय आईटीआई के समीप बन रहे शासकीय भवन निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को नियोजक द्वारा कम भुगतान किए जाने की जानकारी समाचार पत्र के माध्यम से सामने आने पर कलेक्टर द्वारा इसे गंभीरता से लिया गया और इसकी जांच कर उचित कार्यवाही करने के लिए श्रम पदाधिकारी को निर्देशित किया गया निर्देश के परिपालन में श्रम पदाधिकारी द्वारा श्रम निरीक्षक रमाकांत लोधी से इस शिकायत की जांच कराई गई। जिसमें उक्त भवन निर्माण कार्य में नियोजित सभी मजदूरों के बयान दर्ज कर नियोजक को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिवस में स्पष्टीकरण मांगा गया।
नियोजक पर अर्थदंड आरोपित
नियोजक द्वारा नोटिस मिलने के बाद सभी नियोजित मजदूरों को न्यूनतम वेतन दर से अंतर की राशि का भुगतान कर जवाब प्रस्तुत किया गया। जिसमें नियोजित सभी श्रमिकों को भविष्य में शासन द्वारा निर्धारित दर से ही मजदूरी का भुगतान किए जाने का लेख किया गया। श्रम पदाधिकारी द्वारा नियोजक पर 1000 रुपए अर्थदंड भी आरोपित किया गया। कलेक्टर श्री प्रसाद ने समस्त शासकीय निर्माण कार्यों में नियोजित मजदूरों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन दर से मजदूरी का भुगतान किए जाने के सख्त निर्देश दिए हैं।शासकीय भवन निर्माण में जुटे मजदूरों को कम भुगतान पर कलेक्टर हुए सख्त, कराई गई जांच
