मतपत्रों में त्रुटि के चलते एसीसी कोऑपरेटिव सोसायटी चुनाव रद्द, 7 मई रविवार को होना था मतदान
(कैमोर) कैमोर की एसीसी कोऑपरेटिव सोसायटी के 7 मई रविवार को होने वाले चुनाव मतपत्रों में त्रुटि के चलते निरस्त कर दिए गए। यह निर्णय सभी उम्मीदवारों की सहमति से रिटर्निंग अधिकारी द्वारा लिया गया। अब मतपत्रों में सुधार के बाद सोसायटी चुनाव की अगली तिथि बाद में घोषित की जाएगी। चुनाव रद्द हो जाने के कारण जहां मतदान के लिए आये अनेक मतदाताओं को निराश होकर वापस लौटना पड़ा वहीं उम्मीदवारों में भी नाराज़गी देखी गई।
गौरतलब है कि एसीसी कोऑपरेटिव सोसायटी संचालक मंडल के कुल 11 सदस्यों में से 3 सदस्यों का चुनाव निर्विरोध सम्पन्न हो गया था। संचालक मंडल के शेष 8 पदों के लिए आज 7 मई रविवार को मतदान होना था। चुनाव राज्य शासन सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी से प्राप्त दिशा निर्देशों के तहत कराये जा रहे थे। जिले में पदस्थ वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक अनीता कोल को चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल को संचालक मंडल सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। 29 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच के बाद 30 अप्रैल तक नाम वापसी का समय निर्धारित था। नामांकन दाखिल करने वाले कुछ उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस ले लिए जाने और एक नामांकन निरस्त हो जाने के बाद चुनाव में शेष 34 उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर उनकी सूची भी जारी कर दी गई थी। सूची में उम्मीदवारों के नाम सीरियल नंबर से थे। उम्मीदवारों को लगा कि जिस सीरियल नंबर से उनकी सूची जारी की गई हैं उसी सीरियल नम्बर से मतपत्रों में भी उनका नाम होगा। इसी सीरियल के आधार पर उम्मीदवारों ने नकली मतपत्र भी प्रिंट कराये। मतदान के समय मतदाता आसानी से अपने पसंद के उम्मीदवार को मतपत्रों में खोज ले इसे देखते हुए उम्मीदवारों ने सीरियल के आधार पर ही प्रचार किया। जैसे जिस उम्मीदवार का नाम सूची में सातवें नम्बर पर था उसने प्रचार के दौरान 7 नम्बर में ही सील लगाने का प्रचार किया। जिसका 23 वे नम्बर पर नाम था उसने 23 नम्बर का प्रचार किया।
एक मई से ही चुनाव प्रचार का सिलसिला शुरू हो गया था। चुनाव में एसीसी के अधिकारियों कर्मचारियों सहित कुल 438 मतदाता थे। इस बार सोसायटी चुनाव को लेकर गहमा गहमी कुछ ज्यादा ही रही। मतदान के एक दिन पहले देर रात तक उम्मीदवार मतदाताओं को रिझाते रहे। कुछ प्रत्याशी अकेले तो कुछ समूह बनाकर प्रचार करते रहे। प्रचार अपने पूरे शबाब पर था। आज के लिए भी विशेष तैयारियां की गई थी। मतदान एसीसी जिमखाना टेनिस कोर्ट में होने थे। मतदान के लिए सुबह साढ़े 10 बजे से 4 बजे तक का समय तय था।
चुनाव शुरू होते ही उम्मीदवारों ने जब मतपत्र देखा तो उनके होश उड़ गये क्योकि मतपत्र में जो सूची थी उसमें उनके नाम का सीरियल बदल गया था। उम्मीवारों ने जब इस पर आपत्ति दर्ज कराई तो पहले रिटर्निंग अधिकारी ने उनकी आपत्तियों को खारिज करने का प्रयास किया। चुनाव रद्द करने की धमकी भी दी पर उम्मीदवार अपनी आपत्ति पर अड़े रहे। अंततः सभी उम्मीदवारों की सहमति से 7 मई को होंने वाला चुनाव आगामी तिथि तक के लिए निरस्त कर दिया गया। अब मतपत्रों में त्रुटि सुधार के बाद ही संचालक मंडल सदस्य पद के 8 पदों के लिए मतदान होगा।
🖋️ वरिष्ठ पत्रकार राजा दुबे जी

