
जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव एवं सावधानी अपनाने के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जन जागरण अभियान प्रारंभ करने के लिए कलेक्टर बसंत कुर्रे एवं जिला पंचायत के सीईओ अर्पित वर्मा ने मेरा संकल्प मेरी सुरक्षा अभियान के लोगों (अभियान चिन्ह) एवं आनलाइन सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के संचालन के लिए निर्धारित नियम एवं शर्तों को जारी किया।
कलेक्टर ने बताया कि मेरा संकल्प मेरी सुरक्षा अभियान के तहत सभी प्रतियोगितायें आनलाइन डिजिटल माध्यम एवं सोशल मीडिया का उपयोग करते हुए आयोजित की जायेगी। प्रतियोगिता के लिए थीम हैं कोरोना संक्रमण से बचाव-लॉकडाउन से सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी, सोशल डिस्टेंसिंग- बचाव का सरल उपाय, कोरोना महामारी- क्या करे अपनी तैयारी, जरूरतमंद का साथ निभायें- कैसे उन्हें कोरोना से बचायें एवं मेरे संकल्प की तैयारी- क्या-क्या मेरी भागीदारी थीम पर आधारित होगी।
उन्होंने बताया कि आमजन थीम पर आधारित अपनी प्रविष्टियां 27 मई से 15 जून तक भेज सकते हैं। भेजी गयी प्रविष्टियों का वर्गीकरण 22 जून को किया जायेगा। समिति की बैठक आयोजित कर 29 जून तक प्रविष्टियों का चयन एवं निर्णय किया जायेगा। प्राप्त प्रविष्टियों में से सर्वोत्कृष्ट प्रविष्टियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार दिया जायेगा तथा समस्त प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा। प्रविष्टियों के परिणाम की घोषणा एवं पुरस्कार का वितरण रीवा संभाग के कमिश्नर डॉ. अशोक कुमार भार्गव एक जुलाई को करेंगे।
उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के अभियान में केवल सकारात्मक संदेश देने वाली प्रविष्टियां ही स्वीकार की जायेंगी दिये गये थीम के आधार पर किसी भी देश, प्रदेश, जाति, लिंग, वर्ग, संस्कृति, भाषा, व्यक्ति अथवा संस्था पर नाकारात्मक टिप्पणी या विचार पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। उपरोक्त प्रतियोगिताऐं आयोजित की जायेगी। लघु प्रेरक फिल्म प्रतियोगिता- इस प्रतियोगिता के माध्यम से दिये गये विषय पर आधारित एक या दो मिनट का वीडियो बनाकर फिल्म मेकर अपनी प्रविष्टियां सोशल मीडिया के माध्यम से भेजेगा। छायाचित्र फोटो प्रतियोगिता- इस प्रतियोगिता में लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बिना कोई खतरा उठाये आपस के वातावरण से अपने मोबाइल या डिजिटल कैमरे के माध्यम से छायाचित्र या फोटो खीचकर भेजने होंगे। खीचे गये फोटो मूल रूप से भेजे जाये इसमें कोई एडिटिंग नहीं की जायेगी। एक प्रतिभागी केवल तीन फोटो भेज सकता है। फोटो के साथ उसका थीम लिखते हुए वह अपने मोबाइल के माध्यम से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। रंगोली प्रतियोगिता- रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागी अपने घर पर उपरोक्त थीम पर आधारित रंगोली का निर्माण कर इसका चित्र मोबाइल के माध्यम से भेजेगा। रंगोली का आकार वर्गाकार रहेगा जो तीन फिट से अधिक नहीं होगा। रंगोली की दो फोटो भेजनी होगी। पहली फोटो में प्रतिभागी स्वंय रंगोली के साथ तथा दूसरी फोटो केवल रंगोली की खीचकर भेजेगा।
उन्होंने बताया कि पोस्टर (चित्रकला) निर्माण- इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी अपने घर पर उपरोक्त थीम पर आधारित ड्राइंग सीट में विभिन्न रंगों के माध्यम से पोस्टर बनाकर उसका चित्र मोबाइल के माध्यम से भेजेगा। पोस्टर प्रतियोगिता के लिए दो फोटो भेजनी होगी। पहली फोटो में प्रतिभागी स्वंय पोस्टर के साथ होगा तथा दूसरी फोटो केवल पोस्टर की खीचकर भेजनी होगी। प्रेरणा गीत-गायन प्रतियोगिता- इस प्रतियोगिता में उपरोक्त थीम पर आधारित गीतों को शामिल किया जायेगा जो कोरोना महामारी के इस अभियान को सकारात्मक संदेश देते हों। गीत में गायक और वादक सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए दूर-दूर बैठकर ही गीत रिकार्ड करेंगे यदि प्रतियोगी चाहे तो वह स्वंय वाद्य यंत्रों का वादन करें या मोबाइल पर कैरोके का भी उपयोग कर सकता है। प्रतियोगिता दो समूहों एकल और समूह दोनों में मान्य की जायेगी। लोक मुनादी प्रतियोगिता- ग्रामीण कलाकार नगरिया, ढोलक, तासा, डमरू या अन्य किसी ताल वाद्ययंत्र के माध्यम अपने घर के आसपास उपरोक्त थीम आधारित मुनादी कर उसका वीडियो रिकार्ड भेजेगा। रिकार्ड की गयी मुनादी अधिकतम एक मिनट से अधिक की नहीं होगी। अनुपयोगी सामग्री से उपयोगी कलाकृति प्रतियोगिता- इस प्रतियोगिता में घर में अनुपयोगी पड़ी हुई सामग्री से स्थानीय संसाधनों का उपयोग करते हुए सामग्री का निर्माण करना होगा। डेमो रिकार्ड कर वीडियो बनाना होगा तथा यह बताना कि इसका क्या इस्तेमाल किया जा सकता है। कलात्मक मास्क निर्माण प्रतियोगिता- महिलाओं की सिलाई, कढ़ाई, बुनाई एवं डिजाइनिंग कला को प्रोत्साहित करने के लिए घर के संसाधनों का उपयोग करते हुए कलात्मक मास्क बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। प्रतियोगिता में कलात्मक मास्क की तीन फोटो के साथ मास्क बनाने वाले की एक फोटो भेजनी होगी। मेहदी प्रतियोगिता- महिला एवं बालिकाओं की कला को प्रोत्साहित करने के लिए उपरोक्त थीम आधारित मेहदी डिजाइनिंग कर प्रतियोगी अपने हाथ की एक फोटो तथा दूसरी फोटो में अपने हाथ को सामने रखते हुए अपनी फोटो खीचकर भेजेगा।
प्रतियोगिता आयोजित करने के साथ ही सामाजिक गतिविधियां संचालित की जायेगी। इसमें मेरा संकल्प मेरी सुरक्षा अभियान के अन्तर्गत प्रत्येक परिवार शासन द्वारा जारी शपथ पत्र के अनुसार अपने परिवार के साथ सामाजिक दूरी बनाये रखते हुए सामूहिक शपथ का वाचन करते हुए सोशल मीडिया में वीडियो बनाकर भेजेगा। दीवार लेखन प्रतियोगिता- इसके माध्यम से विभिन्न नारों के द्वारा कोरोना संबंधित जन जागरूकता संदेश का प्रचार ग्रामों और क्षेत्रों में किया जायेगा। जन सुरक्षा की शुरूआत मास्क के साथ- स्वंय के द्वारा मास्क निर्मित कर अपने परिवार व अन्य जरूरतमंद व्यक्ति को वितरित कर इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। जन की दूरी सुरक्षा के लिए जरूरी- सामाजिक कार्यकर्ताओं, संस्थाओं एवं जागरूक व्यक्तियों की सहायता से सार्वजनिक क्षेत्रों में बाजार, बैंक, पीडीएस केन्द्र, चिकित्सालय में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए सहयोग एवं प्रोत्साहित करेगा। कोरोना की बात आपके साथ- प्रत्येक विकासखण्ड के दूरवर्ती क्षेत्रों में जन जागरण के लिए प्रचार वाहन भेजे जायेगे साथ ही धर्मगुरू, जनसेवक, साहित्यकारों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के विचारों को सोशल मीडिया के माध्यम से जन जागरण अभियान चलाया जायेगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां वाट्सएप नंबर 8085896226 एवं ईमेल-merasanklap2020@gmail.com पर भेजे। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जन जागरण अभियान के लिए सोशल मीडिया के सभी माध्यम जैसे- इंटसाग्राम, टियूटर, फेसबुक, वाट्सएप का उपयोग किया जायेगा।