कृषक उत्पादक संगठनों एफ.पी ओ का गठन एवं संवर्धन हेतु जिला अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न
कृषक उत्पादक संगठनों के सदस्यों को भ्रमण कराकर दें योजनाओं की जानकारी
(कटनी) – केंन्द्र प्रवर्तित योजना कृषक उत्पादक संगठनों एफ.पी ओ का गठन एवं संवर्धन तथा एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड तथा कृषक उत्पादक संगठन के गठन एवं संवर्धन की समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्टर अवि प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा कृषक उत्पादक संगठनों के सदस्यों को आत्मा समिति किसान कल्याण तथा कृषि विकास एवं उद्यानिकी विभाग को योजनाओं अंतर्गत भ्रमण करानें हेतु निर्देशित किया गया। कृषक उत्पादक संगठन जो सहकारिता के उद्देश्यों के तहत कार्य कर रहे है उनको कृषि की आदान सामग्रियों जैसे की उर्वरक की आपूर्ति नियमित रूप से सुनिश्चित कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। बैठक में एफ.पी.ओ. के गठन की प्रगति के संबंध में विवरण विकास जैन प्रबंधक नाबार्ड द्वारा प्रस्तुत किया गया। केन्द्र प्रवर्तित योजना कृषक उत्पादक संगठनों एफ.पी.ओ. का गठन एवं संवर्धन योजनांतर्गत विकासखण्ड कटनी, बहोरीबंद एवं रीठी में एक-एक एफ. पी. ओ. का गठन किया जा चुका है। जबकि अन्य विकासखण्डों में एफपीओ के पंजीयन की कार्यवाही की जा रही है।
कृषक उत्पादक संगठनों एफ.पी.ओ. का गठन एवं संवर्धन योजना की समीक्षा उपरांत कलेक्टर श्री प्रसाद दवारा एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा निर्देश दिये गये कि सहायक आयुक्त सहकारिता प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में इस योजना अंतर्गत लाभ प्रदाय करने हेतु क्षेत्रों को चयनित करे। उप संचालक कृषि को यह निर्देश दिये गये कि वह कस्टम हायरिंग सेंटर के लक्ष्य अनुसार एफ.पी.ओ. कृषकों का पंजीयन ए.आई.एफ में करवायें।
बैठक में उपस्थित इफको के संभागीय प्रबंधक राजेश द्वारा कलेक्टर अवि प्रसाद को इफको द्वारा कृषि विभाग के सहयोग से नैनो डी.ए.पी. एवं नैनो यूरिया के वर्तमान में किये गये प्रदर्शनों की जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा इफको के संभागीय प्रबंधक को अपना एक सेंटर कृषि उपज मंडी कटनी में स्थापित करनें हेतु निर्देशित किया गया। इस हेतु कृषि उपज मंडी कटनी के अधिकारियों को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिये गये।
बैठक में उप संचालक कृषि उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, परियोजना संचालक ष्आत्माष् कटनी, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड, लीड प्रबंधक, सहायक संचालक उद्यान, सहायक संचालक मत्सय विभाग, सहायक आयुक्त सहकारिता, कृषि वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र, महाप्रबंधक जिला उद्योग विभाग, जिला प्रबंधक एनआरएलएम, जिला विपणन अधिकारी, कृषि उपज मंडी के प्रतिनिधि, संबंधित सीबीबीओ, कृषक उत्पादक संगठनों एवं एनजीओ के प्रतिनिधि समीक्षा बैठक में उपस्थित रहे।

