नगरीय क्षेत्र में पेयजल की सुचारू उपलब्धता रखें – कलेक्टर
नगर निगम की पेयजल स्थिति की समीक्षा
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह नें नगरनिगम एंव जिले के नगरीय निकायों मे ग्रीष्मकाल के दौरान नागरिकों को पेयजल की उपलब्धता सुचारू रूप से बनाये रखनें के निर्देश दिये है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगरनिगम के पेयजल आपूर्ति से जुडे अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर नें पेयजल की स्थिति की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिये है। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम आर.पी.सिंह, सहायक यंत्री सुधीर मिश्रा भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह नें नगर निगम क्षेत्र अन्तर्गत विभिन्न वार्डो में हेण्डपम्प, नलकूप स्पाट सोर्स, बैराज और खदानों में जल की उपलब्धता पाइपलाइनों का सुधार, पेयजल आर्वधन योजना से जलापूर्ति सहित विभिन्न बिन्दुओं पर जानकारी लेकर समीक्षा की। उन्होनें कहा कि नगर निगम क्षेत्र में खराब और बंद हैंडपम्पों की मरम्मत शीध्र करायें, ग्रीष्म ऋतु में जिन वार्डो में टयूबवैल के माध्यम से जलापूर्ति होती है उनकी मरम्मत और संधारण का कार्य शीध्र दुरूस्त कर लें। नलजल योजना के खराब होनें या पाइपों में लीकेज की शिकायतों पर तत्परता पूर्वक कार्यवाही कराये।
कलेक्टर नें कहा कि सीवर लाईन के कारण क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों का शीध्र सुधार कराये, ताकि गर्मी के मौसम में नागरिकों को पेयजल की आपूर्ति सुचारू बनी रहे। उन्होनें कहा कि जलसंकट ग्रस्त क्षेत्रों की पहचान सुनिश्चित कर लें और कोई भी जलस्त्रोत या विकल्प नहीं बचनें पर टैंकरों से आवश्यक होनें पर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराये।
नगर निगम क्षेत्र में पेयजल की स्थिति की जानकारी में सहायक यंत्री सुधीर मिश्रा नें बताया कि विगत वर्ष की तुलना में कटनी नदी बैराज में इस वर्ष 10-12 फुट पानी का जलस्तर अधिक है जिसकी वजह से नगर में 15 जुलाई तक पेयजल आपूर्ति के लिये पर्याप्त जलराशि उपलब्ध होनें से कोई समस्या नहीं आयेगी। मानसून के विलंब होनें की स्थिति में पेयजल आपूर्ति के लिये खदानों में संचित जल का उपयोग किया जा सकेगा। इसके लिये नगर निगम क्षेत्र की समीपी खदानों में संचित जल का अधिग्रहण कर लिया गया है। बैठक में नगर निगम के जलकार्य विभाग के उपयंत्री अश्विनी पाण्डेय एवं मृदुल श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।
