Harihar Teerth Dham 2023 : हरिहर तीर्थ में भगवान निषादराज की प्रतिमा एवं मंदिर निर्माण के लिए मंत्री तुलसी सिलावट एवं विधायक संजय पाठक के आतिथ्य में भूमिपूजन

(बंजारी) श्री हरिहर तीर्थ, राम राजा पहाड़ में माझी समाज के कुलगुरु, श्रृंग्वेरपुर के महाराज, मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त, गुहराज निषादराज के भव्य मंदिर एवं अष्ठधातु की प्रतिमा स्थापना के लिए कल गुरूवार को महानदी के किनारे, संगम तट पर प्रदेश सरकार के मत्स्य पालन एवं सिंचाई मंत्री तुलसी सिलावट के मुख्य आतिथ्य एवं विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक की अध्यक्षता एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक जीतू जिराती के विशिष्ट आतिथ्य में भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया। पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंत्री श्री सिलावट, विधायक श्री पाठक, माझी समाज के जिलाध्यक्ष महेश सोंधिया एवं अन्य पदाधिकारियों ने कुदाली चलाकर भूमिपूजन किया। इसके उपरांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह के प्रारंभ में माझी समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पहारों से आत्मीय स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए माझी समाज के जिलाध्यक्ष महेश सोंधिया ने अपने उद्बोधन में सबसे पहले विजयराघवगढ़ की पावन धरा को नमन करते हुए कहा कि इस धरती पर देश के बड़े-बड़े संतो के चरण पडऩे से यह भूमि धन्य हो गई है। उन्होंने इस तीर्थ क्षेत्र के निर्माण और भगवान निषादराज जी की प्रतिमा एवं मंदिर निर्माण के लिए विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज उनके पूज्य पिता सत्येंद्र पाठक जी भी यह देखकर बहुत खुश हो रहे होंगे कि उनके पुत्र संजय पाठक उनके दिए संस्कारों से प्रभु की सेवा में तन, मन, धन से लगे हुए हैं। श्री सोंधिया ने कहा कि यहां तीर्थ क्षेत्र के निर्माण के उपरांत यह क्षेत्र तीर्थ क्षेत्र के रूप पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान बनाएगा। निषादराज जी की प्रतिमा एवं मंदिर निर्माण के लिए माझी समाज ने विधायक संजय पाठक का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के आखिरी चरण में माझी समाज जिला कटनी द्वारा विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक को स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन माझी समाज के जिलाध्यक्ष महेश सोंधिया एवं आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री प्रकाश रैकवार ने किया।

प्रतिमा स्थापना के लिए सभी सामाजिक बंधुओं का सहयोग जरूरी : संजय पाठक

मप्र शासन के पूर्व मंत्री एवं विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने कहा कि भगवान निषादराज जी की प्रतिमा स्थापना में सभी सामाजिक बंधुओं का सहयोग आवश्यक है। प्रतिमा स्थापना में सभी स्वाजातीय बंधु अपने सामथ्र्य के अनुसार लोहा, तांबा, पीतल, सोना, चांदी, कांसा एवं नगद राशि प्रदान कर सकते हैं। सामग्री संग्रहण के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम को गंगा पार कराने वाले भगवान गुहराज निषादराज जी की अष्टधातु की ऐसी प्रतिमा पूरे भारत वर्ष में कहीं नहीं है। ग्राम हिनौता के पास महानदी के किनारे संगम तट पर भगवान निषादराज भगवान की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, इसके अलावा इस तीर्थ स्थल में चारों धाम के दर्शन होंगे।

तीर्थ क्षेत्र के रूप में देश में विख्यात होगा विजयराघवगढ़ क्षेत्र : तुलसी सिलावट

प्रदेश के मत्स्य पालन एवं सिंचाई मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि संजय पाठक ने जो तीर्थ क्षेत्र निर्माण का जो संकल्प लिया है, वो अब केवल उनका नहीं, बल्कि पूरी मध्यप्रदेश सरकार का संकल्प है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेश की सरकार पूरा सहयोग करेगी। तीर्थ क्षेत्र बन जाने के बाद विजयराघवगढ़ क्षेत्र का नाम मध्यप्रदेश और देश में विख्यात होगा। नगर परिषद कैमोर के उपाध्यक्ष संतोष बर्मन द्वारा तीर्थक्षेत्र में माझी समाज के लिए मंगल भवन के निर्माण की मांग किए जाने पर मंत्री तुलसी सिलावट ने 50 लाख रुपए की लागत से निषादराज मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि माझी समाज की जो भी लंबित मांगे हैं, इसे पूर्ण कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

✍️ (संतोष प्रसाद तिवारी)
   RPKP INDIA NEWS
              कैमोर

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें