सीएम हेल्पलाइन के संतुष्टि पूर्ण निराकरण के मामले में जिला पंचायत कटनी प्रदेश में प्रथम पायदान अर्जित कर शीर्ष पर
जिला सीईओ श्री गेमावत ने अधिकारी-कर्मचारियों की कर्तव्य निष्ठा और कर्मठता की करी भूरि भूरि प्रशंसा
(कटनी)- सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के मामले में प्रदेश स्तरीय जारी रेटिंग में प्रथम समूह में माह अक्टूबर की आज की स्थिति में जिला पंचायत कटनी ने उत्कृष्ट कार्य का परचम फहराते हुए शीर्ष पर रहकर प्रथम पायदान अर्जित किया है। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत कटनी ने “ए” रेटिंग और 83.53 संतुष्टि पूर्ण वेटेज के साथ 651 सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का संतुष्टि पूर्ण निराकरण किया है। जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत द्वारा प्रतिदिन प्राप्त शिकायतों की सतत समीक्षा और मार्गदर्शन के उपरांत बेहतर सकारात्मक परिणाम और वांछित सफलता हासिल हुई।
सीईओ ने पूरी टीम की प्रशंसा कर दिया श्रेय
जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने इस सफलता का श्रेय सीएम हेल्पलाइन का कार्य देख रहे जनपद पंचायतों के सीईओ, जिला पंचायत के योजना प्रभारी अधिकारियों और अन्य लोकसेवकों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए दिया है। सीईओ ने सीएम हेल्पलाइन का दायित्व निर्वहन कर रहे अधिकारियों-कर्मचारियों की कर्तव्य निष्ठा और कर्मठता की भूरि-भूरि सराहना करते हुए इसी लगन और मेहनत के साथ नागरिकों की शिकायतों का निराकरण और समस्याओं का समाधान करने को कहा है।

