नागौद में आधुनिक सिलाई सेन्टर उद्घाटित
(सतना )
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री ऋजु बाफना के मार्गदर्शन में म.प्र.डे.रा.ग्रा.आ. मिशन द्वारा महिलाओं को प्रमोट करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को विकासखण्ड नागौद के अंतर्गत नागौद एवं ग्राम उसरार में आधुनिक सिलाई सेंटर की स्थापना जिला खनिज मद से की गई। आधुनिक सिलाई सेंटर का उद्घाटन विधायक श्री नागेन्द्र सिंह द्वारा किया गया। नागौद एवं उसरार सेंटर में कुल 60 सिलाई मशीनों सहित 8 इंटरलॉक मशीन, 4 काज मशीन, 4 कटर मशीन एवं अन्य आवश्यक सामग्री स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के आर्थिक विकास के लिए उपलब्ध कराईं गईं।
जिला परियोजना प्रबंधक श्री प्रमोद शुक्ला ने बताया कि सिलाई सेंटरों में विकासखण्ड अंतर्गत संचालित शासकीय स्कूलों के गणवेश की सिलाई का कार्य एवं समय-समय पर अन्य संस्थाओं से संपर्क कर महिलाओं को लगातार कार्य से जोड़ा जाएगा। जिससे महिलओं का सामाजिक एवं आर्थिक विकास होगा। कार्यक्रम में विकासखण्ड प्रबंधक श्रीमती श्यामा मिश्रा, श्रीमती शीला पाठक, रन्जू प्रसाद कुशवाहा, सुनील सतनामी, नवीन सिंह, विनोद कुशवाहा का सहयोग सराहनीय रहा।
