अनुविभागीय अधिकारी ने बुढार अमलई धनपुरी प्रमुख चौराहों का किया निरीक्षण –
( शहडोल )
कलेक्टर डॉ. सतेंद्र सिंह के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर श्री धर्मेंद्र मिश्रा ने आज कटकोना चौराहा, श्रीवास्तव चौराहा, रूंगटा चौराहा तथा जैतपुर चौराहा का निरीक्षण किया। ज्ञात हो कि उक्त चौराहों में विद्युत व्यवस्था नहीं होने के कारण रात्रि में दुर्घटनाओं की संभावनाएं बनी रहती थी, कलेक्टर को इस बात से अवगत कराया गया था। जिस पर उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर को निर्देशित किया कि उक्त चौराहों का निरीक्षण करें।
अनुविभागीय अधिकारी ने निरीक्षण कर तहसीलदार को निर्देशित किया है कि उक्त चौराहों में पर्याप्त विद्युत व्यवस्था हेतु उपयंत्री से संपर्क स्थापित कर प्रस्ताव तैयार कराएं ताकि वहां पर माकूल इंतजाम कराए जा सके। इसी के साथ धनपुरी के श्मशान घाट पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी अवगत कराया कि वहां पर भी विद्युत की व्यवस्था नहीं है अनुविभागीय अधिकारी ने श्मशान घाट का भी स्थल निरीक्षण किया तथा विद्युत व्यवस्था बनाने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिए। साथ ही श्मशान घाट के बगल से बहने वाले नाले को सुव्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी धनपुरी श्री रवि करण त्रिपाठी, तहसीलदार बुढार श्री भरत सोनी भी साथ में थे।
