अपने प्रभाव के कार्यक्षेत्र में कोरोना से बचाव की जागरुकता लायें
कलेक्टर ने ली स्वयंसेवी एवं विभिन्न संगठनों की बैठक
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण का खतरा अभी बिल्कुल भी टला नहीं है। सभी गतिविधियों के प्रारंभ होने से अब और भी सावधानियों और सतर्कता बरतने की जरुरत है। उन्होने कहा कि स्वयंसेवी संगठन, व्यापारिक संगठन, एनएसएस, एनसीसी, धार्मिक प्रमुख सहित सभी सामाजिक संगठन अपने प्रभाव क्षेत्र और समाज में कोरोना से बचाव की सावधानियों को आत्म अनुशासन से अपनाने की जन जागरुकता लायें। कलेक्ट्रेट में सामाजिक, व्यवहारिक, धार्मिक, स्वयंसेवी संगठनों के प्रमुखों की बैठक में कलेक्टर ने यह बात कही। इस मौके पर एसडीएम बलबीर रमन, हरेमाधव परमार्थ समिति के रामचन्द्र रिझवानी, देवानंद असारानी, चैम्बर ऑफ कॉमर्स नवनीत खण्डेलवाल, गुरुद्वारा कमेटी से एम0जे0एस0 लाम्बा, लघु उद्योग संगठनों से सुधीर मिश्रा, रेडक्रॉस से सुशील, नेहरु युवा केन्द्र समन्वयक और एनएएस प्रभारी तिलक कॉलेज भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि कोविड-19 के बढ़ते हुये मामलों के दृष्टिगत अभी कोरोना का संकट टला नहीं है। आगामी समय में विपरीत परिस्थितियां नहीं बनें, इसके लिये भारत सरकार और राज्य शासन के जारी दिशा-निर्देश और गाईडलाईन का पालन अत्यावश्यक हो गया है। महामारी के फैलाव से बचाव के लिये आम नागरिकों को जागरुक करना भी जरुरी है। ताकि आत्म अनुशासन से कोरोना संक्रमण से बचाव की विधियों को जीवन शैली में अपनायें। उन्होने कहा कि कोरोना इतनी घातक बीमारी नहीं है। समय पर रोग के पहचान और उपचार से इससे आसानी से बचा जा सकता है। आमजन को जागरुक करना होगा कि यदि जरा भी लक्षण दिखाई दें तो इसे छुपायें नहीं बल्कि स्वयं चिकित्सा संस्थाओं या शासन, प्रशासन के ध्यान में लायें।
कलेक्टर ने कहा कि लोगों में कोरोना संक्रमण से स्वास्थ्य के बचाव के लिये अपनाई जाने वाली सावधानियों, मास्क का प्रयोग, हैण्ड सैनीटाईजर एवं साबुन से हाथ धोना, फिजिकल डिस्टेन्सिंग का पालन, को हर व्यक्ति अपने जीवनशैली में अपनायें। इसकी जागरुकता लाने के प्रयास हर स्तर पर किये जायें। दुकानों और बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों में भीड़ भाड़ नहीं हो, सभी कार्य स्थल और सार्वजनिक स्थलों पर सोशल डिस्टेन्सिंग का पालन हो इसके लिये वॉलियंटियर्स के रुप में सेवायें भी दी जा सकती हैं।
नेहरु युवा केन्द्र, रेडक्रॉस, लायन्स, रोटरी क्लब, एनसीसी, एनएसएस एवं सामाजिक व्यापारिक संगठन, आईईसी की गतिविधियों के तहत अपने प्रभाव के क्षेत्र में होर्डिंग्स, पोस्टर, ऑडियो, विजुअल मीडिया, सोशल मीडिया के माध्यम से बचाव की सावधानियों का प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरुक कर सकते हैं। धार्मिक स्थलों, व्यापारिक स्थलों में मास्क, साबुन-पानी, सैनीटाईजर की उपलब्धता के साथ सोशल डिस्टेन्सिंग के पालन पर विशेष निगरानी रखें। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक एवं स्वयंसेवी संगठन लोगों में कोरोना से बचाव की सावधानियों के प्रति व्यापक जागरुकता लायें। ताकि लोग स्वयं इसे अपने जीवनशैली का हिस्सा बनाकर आत्म अनुशासन से पालन करें।

