कोरोना से जंग जीतकर स्वस्थ्य बालिका पहुंची घर
कटनी – जिला अस्पताल कटनी में जिले का प्रथम कोरोना पॉजीटिव केस 9 वर्षीय बालिका पूर्ण स्वस्थ्य होकर बुधवार को अपने ननिहाल के घर संजय नगर कटनी पहुंच गई। कोरोना से जंग जीतकर बालिका के अस्पताल में डिस्चार्ज होते समय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 एस0के0 निगम, सिविल सर्जन डॉ0 यशवंत वर्मा, जिला आयुष अधिकारी डॉ0 आर0के0 सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर और पुष्प वर्षा कर अपनी शुभकामनायें देकर घर के लिये विदा किया।
उमरिया जिले की वृद्ध महिला अपनी दादी के साथ मुम्बई से अपने ननिहाल कटनी संजय नगर पहुंची इस 9 वर्षीय बालिका को ट्रेवल हिस्ट्री और वृद्ध महिला पॉजीटिव केस के साथ सफर करने पर प्रथम कॉन्टेक्टी बतौर कोरोना वायरस की जांच का सैम्पल भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में बालिका को पॉजीटिव पाये जाने पर जिला अस्पताल कटनी में आईसोलेट कर उपचारित किया गया। जिला अस्पताल कटनी में उचित देखभाल, उपचार के बाद नॉर्म्स के मुताबिक पूर्ण स्वस्थ्य होने पर 10 दिन बाद बालिका को डिस्चार्ज किया गया। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ0 आर0के0 सिंह ने बताया कि बालिका को 10 दिन तक नियमित रुप से आयुष औषधि आरोग्य कषायम 20 की खुराक 10-10 एमएल दिन में दो बार रोग प्रतिरोधक क्षमता की वृद्वि के लिये भी दी गई है। हॉस्पिटल से डिस्चार्ज के दौरान बालिका को 7 दिवस तक होम कोरेन्टाईन की सलाह दी गई है। इस मौके पर कटनी जिला चिकित्सालय का नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ भी उपस्थित रहा।


