समस्त कार्यालयों को असंक्रमित करने के निर्देश

कटनी  कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने वर्तमान में जिले अन्तर्गत समस्त शासकीय, अशासकीय कार्यालयों के कार्यशील होने पर कार्यस्थल को असंक्रमित करने के संबंध मंे निर्देश जारी किये हैं। जिसमें कहा गया है कि कोरोना वायरस का संक्रमण विश्वभर में फैला हुआ है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग व स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना संक्रमण के नियंत्रण तथा बचाव हेतु जारी दिशा-निर्देश का पालन अनिवार्य रुप से करें।

            कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के समस्त कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे कार्यस्थल को साफ, संक्रमण मुक्त रखने हेतु प्रतिदिन ब्लीचिंग पाउडर एवं घोल से या उचित माध्यम से सैनीटाईज कराना सुनिश्चित करें। वर्कस्टेशन टेबल, डेस्क, की-बोर्ड, माउस, कुर्सी, सैल्फ आदि को प्रतिदिन सैनीटाईजन करने के लिये कहा गया है। प्रत्येक टेबल पर हैण्ड सैनीटाईजर की उपलब्धता, कार्यस्थल के प्रमुख स्थानों जैसे वॉशरुम, अटेण्डेन्स रजिस्टर रखने का स्थान, फोटो कॉपी मशीन के पास आदि स्थानों पर हैण्ड सैनीटाईजर उपलब्ध होना चाहिये। यदि संस्था परिसर में आमजन की आवाजाही है, तो परिसर में प्रवेश देने के पूर्व थर्मल स्क्रीनिंग करने, पल्स ऑक्सीमीटर द्वारा स्क्रीनिंग करने, हैण्ड सैनीटाईजर अथवा साबुन से हाथ धोने की व्यवस्था अनिवार्यतः करने तथा अपने अधीनस्थ कार्यालय में भी साफ-सफाई व स्क्रीनिंग, सैनीटाईजेशन हेतु उपयुक्त व्यवस्था बनाये जाने हेतु निर्देशित किया गया है।

कलेक्ट्रेट में पान, गुटखा खाने पर लगेगा 1 हजार का जुर्माना

            कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को कार्यस्थलों की स्वच्छता और विसंक्रमणीकरण बनाये रखने के निर्देश दिये हैं। कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में पान, गुटखा, तम्बाखू खाकर थूकना दण्डनीय अपराध की श्रेणी में शामिल किया गया है। एैसा करते पाये जाने पर 1000 रुपये के अर्थदण्ड से दण्डित किये जाने के प्रावधान किये हैं। पूरे जिले के सार्वजनिक स्थलों के लिये जारी इन आदेशों का कार्यस्थलों में भी पालन कराने के निर्देश दिये गये हैं। कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न विभागों के कार्यालयों में आने वाले अधिकारी, कर्मचारी सहित सभी व्यक्तियों को थर्मल स्केनिंग और हैण्ड सैनीटाईजर के पश्चात ही मुख्यद्वार से प्रवेश दिये जाने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा समय-समय पर कार्यालयों के खुलने और बंद होने के पश्चात नगर की स्वच्छता टीम द्वारा कार्यस्थलों का विसंक्रमणीकरण भी कराया जा रहा है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें