मतगणना की व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंधन कर लें- मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री कुमार

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने वीसी से मतगणना की तैयारियों की समीक्षा की

(देवास)  मुख्य निर्वाचन आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग श्री राजीव कुमार ने सोमवार 27 मई को लोकसभा निर्वाचन-2024 की मतगणना की तैयारियों के संबंध में वीडियो कांफ्रेंसिंग से समीक्षा बैठक की। बैठक में कलेक्‍टर श्री ऋषव गुप्‍ता, अपर कलेक्‍टर श्री प्रवीण फुलपगारे सहित अन्‍य अधिकारी एनआईसी कक्ष से शामिल हुए।

     मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजीव कुमार ने कहा कि मतगणना से जुड़ी सभी तैयारियां व जरूरी व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंधन कर लें। मतगणना स्थल की सुरक्षा, मतगणना परिसर में प्रवेश, गर्मी को देखते हुए एम्बुलेंस, दवाईयां, फायर ब्रिगेड, मतगणना सूचनाओं का चक्रवार आदान-प्रदान, स्ट्रांग रूम से मतगणना केन्द्र तक ईवीएम को लाने, ले-जाने, पोस्टल बैलेट की गणना आदि सभी व्यवस्थाएँ अपनी निगरानी में कराएं। सभी मतगणना कर्मियों एवं माइक्रो ऑब्जर्वर्स को अच्छी तरह से प्रशिक्षण दें, ताकि मतों की गणना में त्रुटि की कोई गुंजाईश न रहे।

प्रवेश पत्र धारी को ही मिलेगी अनुमति

     मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री कुमार ने कहा कि मतगणना केन्द्र में प्रवेश की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। मतगणना केन्द्र में केवल प्रवेश हेतु प्राधिकार पत्रधारी अधिकारियों, कर्मचारियों, मतगणना एजेंट, पत्रकारों व सुरक्षा कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी। मतगणना केन्द्र परिसर के बाहर भीड़ के प्रबंधन के लिये भी आवश्यक व्यवस्थाएँ करें।

पर्याप्त मात्रा में लगायें सीसीटीवी कैमरे

     परिसर के बाहर व अंदर पर्याप्त मात्रा में सीसीटीवी कैमरे लगाये जाएं और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए। मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री कुमार ने कहा कि सभी रिटर्निंग अधिकारी मतगणना के संबंध में सभी नियमों व दिशा-निर्देशों का अच्छी तरह से अध्ययन कर लें और तदनुसार बिना किसी बाधा के मतगणना सम्पन्न कराएं।

     श्री कुमार ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिये मध्यप्रदेश के सभी 29 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह एक बड़ा टीम वर्क था, जो बिना किसी बाधा के बखूबी पूरा किया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें