ग्राम विकास के लिये पंच परमेश्वर योजना बनी मददगार

जिले की 407 ग्राम पंचायतों को मिले 29 करोड़ 88 लाख

कटनी  मध्यप्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण विकास के लिये पर्याप्त राशि ग्राम पंचायतों को दी जा रही है। सरकार ने पंच परमेश्वर योजना को दोबारा चालू किया है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा अभी हाल में 14वें वित्त आयोग की 1830 करोड़ रुपये की राशि प्रदेश की ग्राम पंचायतों में भेजी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जल एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों के लिये पंच परमेश्वर योजना मददगार सबित हुई है। पंच परमेश्वर योजना के तहत कटनी जिले की 407 ग्राम पंचायतों को 29 करोड़ 88 लाख 16 हजार 492 रुपये की राशि आवंटित की गई है।

            पंच परमेश्वर योजना के तहत ग्राम पंचायतों को राशि जारी कर इस बार निर्देशित किया गया है कि सरपंच एवं ग्राम पंचायतें इस राशि का समुचित उपयोग कर कोरोना की रोकथाम के साथ ही अच्छी गुणवत्ता के स्थाई प्रकृति के विकास कार्य करायें। इन कार्यों में जल और स्वच्छता संबंधी कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जायेगी। कोरोना वायरस संक्रमण की महामारी के दौरान सरकार ने कोविड-19 की रोकथाम के लिये ग्राम पंचायतों को 14वें वित्त आयोग की प्राप्त राशि से 15 प्रतिशत राशि खर्च करने की अनुमति दी है। इस राशि से मजदूरों एवं जरुरतमंदों को मास्क, साफ-सफाई, साबुन, सैनीटाईजर, पीपीई किट आदि खरीदे जा सकते हैं।

            जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायतों के अधोसंरचना विकास, पेयजल संबंधी कार्य, संधारण कार्य आदि के लिये 14वें वित्त आयोग की 29 करोड़ 88 लाख रुपये तक प्राप्त हुये हैं। इस प्रकार एक पंचायत को औसतन 8 लाख रुपये तक प्राप्त हुये हैं। कोरोना संक्रमण महामारी के दौर में लॉकडाउन अवधि में अन्य राज्यों से लौटे प्रवासी मजदूरों को स्थानीय रोजगार मुहैया कराने लगभग 6500 कार्य मनरेगा के चल रहे हैं। इसी प्रकार पंच परमेश्वर योजना में भी जल स्वच्छता के टिकाऊ कार्य किये जा रहे हैं। ग्राम पंचायतों द्वारा स्थानीय और प्रवासी मजदूरों को ज्यादा से ज्यादा काम मिले, इसके लिये जल संग्रह के काम, मेड़ बंधान, तालाब निर्माण, गहरीकरण, सम्पर्क ग्रामीण सड़क, खेत तालाब, गौशाला निर्माण, नदी पुर्नरुद्धार, वॉटर शेड के काम बहुतायत में लिये गये हैं। वर्तमान में जिले में केवल मनरेगा के कार्यों से 72 हजार मानव दिवस का प्रतिदिन रोजगार अर्जित किया जा रहा है। प्रवासी मजदूरों को उनके ग्रांव में ही अकुशल श्रम के अनेक कार्य संचालित कर रोजगार मुहैया कराया गया है।

            कटनी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत कैलवारा खुर्द के ग्राम प्रधान सरपंच माधुरी पाठक ने बताया कि उनकी ग्राम पंचायत में 145 मजदूर काम पर लगे हैं। पंच परमेश्वर योजना में उनकी पंचायत को 10 लाख 98 हजार 753 रुपये की राशि मिली है। ग्राम पंचायत ने अब तक 5 हजार 98 मानव दिवस का रोजगार अर्जित किया है।

            ग्राम पंचायत पड़रिया सरपंच आशीष तिवारी ने बताया कि पंच परमेश्वर योजना में उन्हें 7 लाख 37 हजार 496 रुपये की राशि मिली है। ग्राम पंचायत में 125 मजदूर कार्यरत हैं तथा पंचायत ने 3 हजार 420 दिवस का रोजगार सृजित किया है। छहरी के सरपंच जगदीश उरमलिया ने बताया कि उनकी पंचायत को योजना में 5 लाख 95 हजार 431 रुपये मिले हैं। ग्राम पंचायत में 117 मजदूर काम पर हैं। अब तक 3 हजार 110 मानव दिवस का रोजगार अर्जित किया है। ग्राम पंचायत मड़ई के सरपंच अशोक मांझी ने बताया कि उनकी पंचायत में 192 मजदूरों को काम दिया जा रहा है। पंच परमेश्वर योजना में 7 लाख 54 हजार 197 रुपये मिले हैं। पंचायत ने अब तक 3 हजार 170 मानव दिवस का रोजगार अर्जित किया है। पठरा ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान राधा बाई कुशवाहा बताती हैं कि पंच परमेश्वर योजना में उन्हे 4 लाख 68 हजार 31 रुपये मिले हैं। पंचायत में 281 मजदूर काम पर लगे हैं। अब तक 7 हजार 798 मानव दिवस का रोजगार सृजित किया गया है। ग्राम पंचायतों में पंच परमेश्वर योजना की राशि से प्रवासी मजदूरों का आश्रय, प्रबंधन,बचाव के साधन सहित अन्य व्यवस्थाओं के अलावा पेयजल, स्वच्छता के काम भी लिये गये हैं। वहीं मनरेगा से स्थानीय मजदूरों और प्रवासी मजदूरों को रोजगार मुहैया कराने, मेड बंधान, खेत तालाब, गौशाला निर्माण, तालाब निर्माण, गहरीकरण और एप्रोच रोड ग्रामीण सम्पर्क सड़क के कार्य लिये गये हैं।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें