निर्मित खेल मैदान में खेल गतिविधियां संचालित की जायें
जिला पंचायत की प्रशासकीय समिति की बैठक
कटनी – जिला पंचायत की प्रशासकीय समिति की सोमवार को सभापति प्रधान ममता पटैल की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक में जिले के विभिन्न विकासखण्डों में निर्मित खेल मैदान और स्टेडियम में खेल संबंधी गतिविधियां आयोजित कर इन्हें क्रियाशील किये जाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में उप सभापति अशोक विश्वकर्मा, सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, एसीईओ गौरव पुष्प, परियोजना अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिला पंचायत की प्रशासकीय समिति की बैठक में सर्वशिक्षा अभियान, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, मनरेगा, आदिम जाति कल्याण, खेल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य और आवास योजनाओं तथा गतिविधियों की समीक्षा की गई।
प्रशासकीय समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न मदों और योजनाओं से निर्मित खेल मैदान एवं स्टेडियम को खेल की गतिविधियां संचालित कर इन्हें क्रियाशील बनाया जाये। बाणसागर जल प्रदाय योजना के छूटे हुये गांवों के प्रस्ताव शासन को भेजे जायें। वन मित्र पोर्टल पर वनाधिकार के दावों के सत्यापन की कार्यवाही एक माह में पूर्ण कर ली जाये। अनुसूचित जाति के बस्ती विकास मद की 164.69 लाख रुपये की राशि से कार्य योजना अनुसार कार्य कराये जायें। मनरेगा के कन्वर्जेन्स मद से बनने वाले 74 आंगनबाड़ी भवनों से अपूर्ण भवनों के कार्य शीघ्र पूर्ण कराये जाने का निर्णय लिया गया। वर्षाकाल में वृक्षारोपण की विशेष कार्ययोजना तैयार का वृहद वृक्षारोपण कराने का निर्णय भी लिया गया।

