रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीयन और रिक्तियां दर्ज करायें उद्योग
कटनी – राज्य सरकार ने कुशल, अर्द्ध कुशल, कारखानों में नियोजित प्रवासी मजदूरों तथा संबल के तहत असंगठित क्षेत्र के स्थानीय मजदूरों को पंजीकृत करने रोजगार सेतु पोर्टल प्रारंभ किया है। रोजगार सेतु पोर्टल पर जिले के वृहद्, मध्यम एवं लघु उद्योग मजदूरों को स्थानीय रोजगार उपलब्ध कराने अपने उद्यम का पंजीयन और वांछित रिक्तियों की जानकारी इस पर दर्ज करायें। इस आशय के निर्देश मंगलवार को कलेक्टर शशिभूषण सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न जिला उद्योग संवर्धन समिति की बैठक में दिये गये। इस मौके पर महाप्रबंधक उद्योग केन्द्र अजय श्रीवास्तव, सहायक श्रम पदाधिकारी एम0के0 गौतम, जिला रोजगार अधिकारी डी0के0 पासी, मण्डी सचिव पीयूष माली, मध्यप्रदेश लघु उद्योग संघ के सचिव सुधीर मिश्रा, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अनिल वासवानी, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष मनीष गेई, औद्योगिक क्षेत्र लमतरा के संजय अग्रवाल, अरविन्द, सहायक प्रबंधक राजेश कौशले भी उपस्थित थे।
लघु उद्योग संवर्धन समिति की बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि रोजगार सेतु पोर्टल के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में दक्षता रखने वाले प्रवासी और पंजीकृत मजदूरों को विभिन्न प्रतिष्ठानों, कारखानों एवं नियोक्ताओं द्वारा यथा योग्य स्थानीय रोजगार मुहैया कराया जायेगा। पोर्टल पर मजदूरों के पंजीयन के साथ ही जिले के नियोक्ता संगठन और उद्यम अपना पंजीयन करायेंगे तथा आवश्यकता अनुसार मानव संसाधन की रिक्तियों को प्रदर्शित करेंगे। पोर्टल पर प्रदर्शित रिक्त्यिों के अनुसार पंजीकृत मजदूरों को अपनी आईडी से संबंधित रोजगार के लिये उद्यम नियोक्ताओं से संपर्क करेंगे। स्थानीय रोजगार उपलब्ध कराने के लिये जिला स्तर पर रोजगार मेला भी आयोजित किया जायेगा। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अभी तक नियोक्ता उद्यमों ने बहुत कम संख्या में रिक्तियों की डिमाण्ड दर्ज कराई है।
कलेक्टर श्री सिंह ने कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिये मास्क, सैनीटाईजर, साबुन से हाथ धोने और सोशल डिस्टेन्सिंग का सख्ती से पालन अपने उद्योग और प्रतिष्ठानों में करने के निर्देश भी उद्यमियों को दिये। उन्होने कहा कि कोरोना का संकट अभी टला नहीं है। सावधानियों और बचाव के मामले में बिल्कुल भी ढि़लाई नहीं बरती जाये। कलेक्टर ने कहा कि इसके साथ ही उद्यमी तथा वहां काम करने वाले वर्कर अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने विटामिन्स, आयुष काढ़ा आदि का सेवन समय-समय पर करते रहें। उन्होने कहा कि कोरोना के संकट का समय मुनाफा कमाने का नहीं बल्कि जान और जहान बचाने का प्रमुख है।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने सभी आवश्यक सावधानियों को अपनाने के साथ उद्यमी गतिविधियां भी चलती रहें। उन्होने कहा कि लॉकडाउन अवधि में औद्योगिक गतिविधियों का संचालन अत्यावश्यक सेवा के तहत शामिल है। रविवार को गुमास्ता एक्ट के तहत निजी प्रतिष्ठान, दुकानें, बाजार, निजी कार्यालय बंद रखे जायेंगे। औद्योगिक उत्पादन या संचालन की गतिविधियां जारी रहेंगी।
महाप्रबंधक उद्योग केन्द्र अजय श्रीवास्तव ने रोजगार सेतु पोर्टल पर उद्यमों एवं नियोक्ता के पंजीयन तथा रिक्तियों के प्रदर्शित करने की प्रक्रिया की जानकारी में बताया कि नियोक्ता संस्थान अपना पंजीयन करने के बाद रिक्तियों की जानकारी पोर्टल में भरकर उसे प्रकाशित करेंगे। पोर्टल पर दर्ज रिक्तियों के अनुसार मजदूर तथा आवेदक अपने सिरे से दक्षता और योग्यता के अनुसार नियोक्ता से संपर्क कर रोजगार हासिल कर सकेंगे। उन्होने कहा कि पोर्टल पर पंजीयन अथवा रिक्तियों को दर्ज कराने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण औद्योगिक क्षेत्र में मांग अनुसार दिया जा सकता है।
जिला लघु उद्योग संवर्धन समिति की बैठक में औद्योगिक क्षेत्र लमतरा, अमकुही, बरगवां की स्थानीय सुविधा संबंधी कठिनाईयों पर चर्चा कर निराकरण के निर्देश दिये गये। अमकुही औद्योगिक क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। यहां सुरक्षा गस्त करने, औद्योगिक क्षेत्र बरगवां का आधा हिस्सा माधवनगर थाना और आधा हिस्सा रंगनाथ नगर थाने में आने से हो रही कठिनाईयों के दृष्टिगत पूरे औद्योगिक क्षेत्र बरगवां को एक थाना क्षेत्र माधवनगर से जोड़ने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसी तरह जिला उद्योग केन्द्र कार्यालय के लिये एप्रोच रोड नहीं होने पर लोक सेवा केन्द्र के बाजू से उद्योग कार्यालय तक एप्रोच रोड बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। बरगवां औद्योगिक क्षेत्र में एक साथ पॉवर कट से बचने के लिये 10-20 उद्योग इकाईयों के मध्य एक एवी स्विच लगाने के निर्देश विद्युत कम्पनी के अधिकारियों को दिये गये। मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के सहायक प्रबंधक राजेश कौशले को कटनी मुख्यालय में नहीं रहने पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता जताई। सहायक प्रबंधक के जबलपुर से अप-डाउन करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।


