प्री-प्रायमरी और प्रायमरी ऑनलाइन कक्षाओं पर रोक
( दतिया )
माध्यमिक कक्षाएँ 2 सत्रों में 30 से 45 मिनट की होंगी
राज्य शासन ने ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन की समय अवधि निर्धारित करते हुए प्री-प्रायमरी और प्राथमिक कक्षाओं के ऑनलाइन संचालन पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाया है। राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा जारी आदेश अनुसार कक्षा 6 से 8 तक ही ऑनलाइन कक्षाएँ प्रतिदिन 2 सत्र में अधिकतम 30 से 45 मिनट प्रति सत्र ही आयोजित की जा सकेंगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में कई परिवार/छात्र-छात्राओं के पास डिजिटल डिवाइस अथवा डेटा रिचार्ज की समस्या भी परिलक्षित हो रही है। कतिपय स्रोतों द्वारा यह भी संज्ञान में लाया गया है कि कुछ निजी शालाओं द्वारा अनियंत्रित एवं लंबी अवधि की ऑनलाइन कक्षाएँ संचालित की जा रही हैं। दूरस्थ शिक्षा, विशेषकर मोबाइल/लैपटॉप/कम्प्यूटर के माध्यम से ऑनलाइन कक्षाओं से कम आयु वर्ग के बच्चों में संभावित दुष्प्रभाव तथा उनके अभिभावकों के लिये उत्पन्न हो रही कठिनाइयों के दृष्टिगत नि:शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार नियम में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए विद्यार्थी की समग्र गुणवत्ता के उद्देश्य से ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन की अवधि निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन कक्षाओं की रिकार्डिंग भी विद्यार्थियों के लिये उपलब्ध कराई जायेगी, जिससे विद्यार्थी तथा अभिभावक उसे अपनी सुविधानुसार उपयोग कर सकें। एनसीईआरटी द्वारा तैयार किये गये दिशा-निर्देश “सेफ ऑनलाइन लर्निंग इन टाइम्स ऑफ कोविड-19” का पालन सुनिश्चित करने के लिये भी कहा गया है।
आगामी 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जायेगा। वर्तमान कोविड-19 संक्रमण डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अपने घर पर ही रहकर पूरे प्रदेश में एक ही समय पर स्वैच्छित रूप से आयोजित किया जाना है। योग दिवस पर योग एवं प्राणायाम करने के मुख्य उद्देश्य- रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना और तनाव से मुक्ति है। प्रत्येक विभाग इस आयोजन के संबंध में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे। आयुष विभाग भारत सरकार द्वारा योग कार्यक्रम के दैरान किये जाने वाले योगासनों के बारे में एक कॉमन प्रोटोकाल निर्धारित करते हुए एक ई-बुक एवं वीडियों तैयार किया गया है। इसे वेबसाईट yoga.ayush.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व योगाभ्यास के लिये आयुष मंत्रालय द्वारा विभिन्न माध्यमों जैसे- यूटयूब, फेसबुक, ट्वीटर, इंस्टाग्राम इत्यादि पर सामान्य योगा प्रोटोकाल के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई है। कॉमन योगा प्रोटोकाल 45 मिनट की अवधि का रहेगा जो दूरदर्शन एवं अन्य माध्यमों से निर्धारित समय प्रात: 7 बजे से 7:45 बजे तक प्रसारित होगा। इस अवधि में जन प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामान्यजन, महाविद्यालय एवं विद्यालयों के विद्यार्थी, एन.सी.सी.केडिट, विभिन्न योग संस्थाओं के सदस्य, अभिभावक इत्यादि योग कार्यक्रम में घर पर ही रहकर स्वेच्छा से भाग ले सकेंगे। यह आयोजन पूर्णतय: स्वेच्छिक है। अस्वस्थता की स्थिति में कदापि आयोजन में सहभागिता नहीं करें। कोविड-19 वायरस संक्रमण के कारण योग का कोई भी सामूहिक आयोजन नहीं किया जायेगा।
